उज्जैन भस्म आरती के बाद बाबा महाकाल ने साकार रूप में दिए दर्शन, जयकारों से गूंजा परिसर

उज्जैन  भस्म आरती के बाद बाबा महाकाल ने साकार रूप में दिए दर्शन, जयकारों से गूंजा परिसर
मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में रविवार सुबह भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। तड़के मंदिर के कपाट खुलते ही पूरा परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गूंज उठा।

उज्जैन, 29 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में रविवार सुबह भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। तड़के मंदिर के कपाट खुलते ही पूरा परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गूंज उठा।

ढोल-नगाड़ों की आवाज, शंखनाद और घंटियों की गूंज के बीच बाबा महाकाल की भव्य भस्म आरती संपन्न हुई। इसके बाद बाबा महाकाल का मनमोहक श्रृंगार किया गया, जिसमें उनका दिव्य स्वरूप देखते ही बन रहा था।

रविवार सुबह परंपरा के अनुसार सबसे पहले भगवान वीरभद्र से आज्ञा ली गई। इसके बाद ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच बाबा महाकाल के कपाट खोले गए। मंदिर के पट खुलते ही पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना शुरू की। सबसे पहले भगवान का जलाभिषेक किया गया। इसके बाद दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक हुआ।

पूजा के दौरान प्रथम घंटाल बजाकर हरिओम जल अर्पित किया गया। इसके बाद झांझ, मंजीरे, ढोल-नगाड़ों और शंखध्वनि के बीच भस्म आरती की गई।

महाकाल मंदिर की भस्म आरती देशभर में प्रसिद्ध है। इसकी अपनी अलग धार्मिक मान्यता और सदियों पुरानी परंपरा है। मान्यता के अनुसार, महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से बाबा महाकाल को भस्म अर्पित की जाती है। कहा जाता है कि भस्म आरती के बाद भगवान अपने निराकार स्वरूप से साकार रूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। यही वजह है कि इस विशेष आरती में शामिल होने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं।

आरती के बाद बाबा महाकाल का विशेष श्रृंगार किया गया। शिवलिंग पर सफेद चंदन से सुंदर त्रिपुंड बनाया गया। मस्तक पर चांदी का चंद्रमा, जिसके बीच में डमरू बना हुआ था, सुशोभित किया गया। सफेद फूलों, लाल गुलाब, गुलाबी कमल और पीले फूलों की मालाओं से भगवान को सजाया गया। हरे बेलपत्रों से सजा मुकुट उनके स्वरूप की सुंदरता को और बढ़ा रहा था। वहीं, लाल-पीली चुनरी अर्पित कर बाबा का वस्त्र श्रृंगार किया गया। बाबा महाकाल के सामने चांदी की थाली में मिठाई और फल का भोग लगाया गया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story