वर्दी के पीछे क्रांतिकारियों और सैनिकों का बलिदान, आप सभी भविष्य के नेतृत्वकर्ता राजनाथ सिंह

वर्दी के पीछे क्रांतिकारियों और सैनिकों का बलिदान, आप सभी भविष्य के नेतृत्वकर्ता  राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को नेशनल डिफेंस अकादमी (एनडीए) की पासिंग आउट परेड में युवा अधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने ट्रेनिंग पूरी करने वाले अधिकारियों से कहा कि आप में से कुछ लोग आने वाले समय में देश की सीमाओं की रक्षा करेंगे, कुछ समुद्रों में भारत की शक्ति का प्रतिनिधित्व करेंगे और कुछ आकाशीय सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। भले ही आपकी भूमिकाएं चाहे अलग-अलग हों, आपका संकल्प एक ही होना चाहिए, भारत की मजबूत सुरक्षा, भारत का सर्वोपरि सम्मान और भारत का सर्वोपरि स्वाभिमान। यहां खड़कवासला में भारतीय कैडेट्स के साथ साथ विदेशों से आए युवाओं ने भी मिलिटरी ट्रेनिंग पूरी की है।

नई दिल्ली, 29 नवंबर (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को नेशनल डिफेंस अकादमी (एनडीए) की पासिंग आउट परेड में युवा अधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने ट्रेनिंग पूरी करने वाले अधिकारियों से कहा कि आप में से कुछ लोग आने वाले समय में देश की सीमाओं की रक्षा करेंगे, कुछ समुद्रों में भारत की शक्ति का प्रतिनिधित्व करेंगे और कुछ आकाशीय सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। भले ही आपकी भूमिकाएं चाहे अलग-अलग हों, आपका संकल्प एक ही होना चाहिए, भारत की मजबूत सुरक्षा, भारत का सर्वोपरि सम्मान और भारत का सर्वोपरि स्वाभिमान। यहां खड़कवासला में भारतीय कैडेट्स के साथ साथ विदेशों से आए युवाओं ने भी मिलिटरी ट्रेनिंग पूरी की है।

नेशनल डिफेंस अकादमी (एनडीए) में 151वें पाठ्यक्रम की पासिंग आउट परेड में हुई। इस अवसर पर तीनों सेनाओं के प्रशिक्षण पूरा कर चुके युवा अधिकारियों ने परेड में हिस्सा लिया। यहां रक्षा मंत्री ने कहा, “आप सब आने वाले समय के लीडर्स हैं। आपको अपने साथियों के साथ वैसा ही व्यवहार करना है जैसा आप अपने परिवार के साथ करते हैं। जब कोई सैनिक मुश्किल में हो, तो आपको उसके साथ खड़ा होना है। जब फ्रंट पर हालात बिगड़ें, तो आपको अपनी टीम को संभालना है। यही कमांड का सार है। मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि यहां की लर्निंग, केवल सर्विस में ही नहीं बल्कि उससे आगे भी आपके जीवन में बहुत काम आएगी और आपको समय-समय पर दिशा देती रहेगी।”

रक्षा मंत्री ने युवा भारतीय अधिकारियों से कहा कि आप सभी भविष्य के मिलिटरी लीडर्स हैं। आपका दायित्व इनोवेशन की उस संस्कृति को बढ़ावा देना है, जहां हम अपनी सुरक्षा से सबंधित चुनौतियों के समाधान स्वयं खोज सकें। हम गर्व से कहते हैं, कि भारत एक युवा देश है और आप सभी इस नई पीढ़ी के सबसे बड़े प्रतिनिधि हैं।

राजनाथ सिंह ने कहा, “आपको मिली इस वर्दी के पीछे, न जाने कितने क्रांतिकारियों का, न जाने कितने सैनिकों का बलिदान छिपा हुआ है। इसलिए हमें हमेशा यह ध्यान में रखना है, कि हम किसके लिए काम कर रहे हैं और हमारे काम का मतलब क्या है। हमें उस विरासत को बरकरार रखना है, जिसके लिए उन महान क्रांतिकारियों ने अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया। आप यहाँ से जब देश की सीमाओं पर जाएंगे, तो आप याद रखियेगा कि हम वीरगति को प्राप्त हुए हर सैनिक के ऋणी हैं। हम अपने स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों के प्रहरी हैं।”

राजनाथ सिंह ने यहां एनडीए में 151वें पाठ्यक्रम व ट्रेनिंग पूरी करने के लिए सभी युवा अधिकारियों बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज का दिन आप सभी के जीवन के सबसे महत्वपूर्ण दिनों में से एक है। आज से आप अपने जीवन की एक नई यात्रा पर निकलेंगे, यहां से आपके जीवन को एक नई दिशा मिलेगी। आज का दिन आपके कठोर प्रशिक्षण, मेहनत और भारतीय सशस्त्र बलों में शामिल होने के आपके अटल निश्चय का परिचय है।

वहीं, विदेशी कैडेट्स के लिए रक्षा मंत्री ने कहा, “आपकी यहां उपस्थिति हमारे व मित्र देशों के बीच मजबूत रक्षा संबंधों को दर्शाती है। खड़कवासला में पिछले तीन वर्षों के दौरान, आपने अपने भारतीय साथियों के साथ मिलकर कड़ी ट्रेनिंग ली है। आपने अपनी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और आपसी सम्मान को भी साझा किया है। मुझे पूरा विश्वास है कि आप यहां बिताए समय की सुखद यादें और जीवन भर के लिए बने अपने रिश्ते अपने साथ ले जाएंगे। मैं आपसे आग्रह करता हूं कि आप सद्भावना और शांति के सच्चे दूत के रूप में नेशनल डिफेंस एकेडमी की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाएं।

--आईएएनएस

जीसीबी/पीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story