'भूत बंगला' के नए गाने 'तू ही दसदा' का टीजर रिलीज, अक्षय-वामिका की रोमांटिक केमिस्ट्री ने बढ़ाई उत्सुकता
मुंबई, 23 मार्च (आईएएनएस)। बॉलीवुड में इन दिनों हॉरर और कॉमेडी का जॉनर दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है। ऐसे में अक्षय कुमार की आने वाली फिल्म 'भूत बंगला' को लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं। फिल्म के टीजर ने जहां दर्शकों को हंसी और डर का मजेदार कॉम्बिनेशन दिखाया, वहीं अब इसके गानों ने भी लोगों का ध्यान खींचना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में फिल्म के नए रोमांटिक गाने 'तू ही दसदा' का टीजर रिलीज कर दिया गया है।
इस गाने के टीजर में अक्षय कुमार और वामिका गब्बी के बीच एक खूबसूरत रोमांटिक केमिस्ट्री देखने को मिल रही है। टीजर में दोनों एक झरने के सामने खड़े नजर आ रहे हैं, जहां वे एक-दूसरे में पूरी तरह खोए हुए दिखाई दे रहे हैं। चारों ओर पहाड़ों की सुंदर वादियां इस सीन को और भी खास बना रही हैं। वामिका गब्बी साड़ी में बेहद खूबसूरत दिख रही हैं, जबकि अक्षय कुमार अपने सिग्नेचर रोमांटिक स्टाइल में दिख रहे हैं। दोनों की बॉंडिंग और एक्सप्रेशन्स गाने को खास बना रहे हैं।
गाने को मशहूर गायक अरिजीत सिंह ने अपनी आवाज दी है। खास बात यह है कि अरिजीत सिंह अब प्लेबैक सिंगिंग से रिटायर हो चुके हैं, लेकिन उनके पहले रिकॉर्ड किए गए गाने अब धीरे-धीरे रिलीज हो रहे हैं। ऐसे में 'तू ही दसदा' को उनके फैंस के लिए एक खास तोहफा माना जा रहा है।
अगर फिल्म के टीजर की बात करें तो 'भूत बंगला' का टीजर पहले ही दर्शकों के बीच चर्चा बटोर चुका है। कहानी मंगलपुर नाम के एक गांव के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां 'वधुसुर' नाम का भूत होने की बात कही जाती है। यही वजह है कि वहां कोई भी शादी करने से डरता है। इस दिलचस्प कहानी के बीच परेश रावल और राजपाल यादव जैसे कलाकारों की कॉमिक टाइमिंग फिल्म को और मजेदार बनाती है। वहीं, तब्बू, वामिका गब्बी और मिथिला पालकर की मौजूदगी फिल्म में और रंग भरती है।
'भूत बंगला' फिल्म 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 March 2026 5:55 PM IST












