भोपाल की एक और यूनिवर्सिटी को मिली बम से उड़ाने की धमकी
भोपाल 18 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित एक और यूनिवर्सिटी को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इससे पहले भी कई स्थानो को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी हैं जो पूरी तरह झूठी निकली।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भोपाल के जेके अस्पताल और विश्वविद्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। यह ईमेल प्रबंधन को प्राप्त हुआ है। जिसमें कहा गया है कि परिसर में 21 स्थानों पर बम लगाए गए हैं और इनके जरिए इमारत को उड़ा दिया जाएगा।
यह धमकी मिलने के बाद प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। परिणामस्वरुप बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंचा। तलाशी अभियान चलाया जा रहा है लेकिन अब तक कोई भी संदिग्ध वस्तु अस्पताल और विश्वविद्यालय परिसर में नहीं मिली है। इससे पहले राजधानी के पीपल्स विश्वविद्यालय, एम्स अस्पताल और नापतौल विभाग को भी बम से उड़ाए जाने की धमकी मिल चुकी है।
नापतौल विभाग को तो लगातार दो दिन तक इसी तरह की धमकियां मिली और इसका असर सरकारी कामकाज पर भी पड़ा क्योंकि दोनों ही बार इमारत को खाली कराया गया। पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया, मगर कुछ भी नहीं मिला कुल मिलाकर धमकी झूठी निकली। वहीं, कर्मचारी काम करने के लिए आसानी से तैयार नहीं हुए।
भोपाल के पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि जो धमकियां मिल रही है उस पर पुलिस की नजर बनी हुई है साथ ही, धमकी देने वाले की तलाश की जा रही है मगर कुछ तकनीकी गड़बड़ियों के कारण संबंधित तक पहुंचने में वक्त लग रहा है। भोपाल के विभिन्न शिक्षण संस्थान सहित अन्य स्थानों को बम से उड़ाने की मिल रही धमकियों ने पुलिस की मुश्किलें बढ़ा दी है क्योंकि हर रोज इस तरह की ईमेल के जरिए धमकी आ रही है और पुलिस को कई घंटे तक संबंधित स्थान की तलाशी के लिए अभियान चलाना पड़ रहा है।
--आईएएनएस
एसएनपी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 March 2026 3:11 PM IST












