भोपाल रेल मंडल की हिदायत, भर्ती के फर्जी विज्ञापनों के झांसे में न आएं

भोपाल रेल मंडल की हिदायत, भर्ती के फर्जी विज्ञापनों के झांसे में न आएं
पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने सोशल मीडिया पर जारी होने वाले भर्ती के फर्जी विज्ञापनों पर युवाओं को सावधान रहने की हिदायत दी है, साथ ही कहा है कि इन विज्ञापनों के झांसे में न आएं।

भोपाल, 8 जुलाई (आईएएनएस)। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने सोशल मीडिया पर जारी होने वाले भर्ती के फर्जी विज्ञापनों पर युवाओं को सावधान रहने की हिदायत दी है, साथ ही कहा है कि इन विज्ञापनों के झांसे में न आएं।

भोपाल रेल मंडल की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रेलवे भर्ती के नाम से भ्रामक एवं फर्जी विज्ञापन प्रसारित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से बेरोजगार युवाओं को नौकरी का झांसा देकर आर्थिक ठगी का प्रयास किया जा रहा है।

मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी की ओर से रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भारतीय रेलवे में सभी भर्तियां निर्धारित नियमों एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ केवल रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) तथा रेलवे भर्ती सेल (आरआरसी) के माध्यम से ही की जाती हैं। रेलवे द्वारा किसी भी पद पर प्रत्यक्ष भर्ती, बिना परीक्षा नियुक्ति अथवा किसी निजी एजेंसी के माध्यम से चयन की कोई व्यवस्था नहीं है।

रेल प्रशासन ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे बिना परीक्षा भर्ती, डायरेक्ट जॉइनिंग, तुरंत नियुक्ति, सीमित योग्यता पर सरकारी नौकरी अथवा निश्चित चयन जैसे दावे पूरी तरह भ्रामक एवं फर्जी हैं। ऐसे विज्ञापनों में रेलवे का नाम, लोगो अथवा विभिन्न रेलवे स्टेशनों के नामों का अनधिकृत उपयोग कर युवाओं को गुमराह करने का प्रयास किया जाता है। इन विज्ञापनों का भारतीय रेलवे अथवा भोपाल मंडल से कोई संबंध नहीं है।

भोपाल मंडल ने युवाओं से अपील की है कि वे किसी भी भर्ती संबंधी सूचना की सत्यता केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जांचें तथा नौकरी दिलाने के नाम पर किसी व्यक्ति, संस्था या एजेंसी को धनराशि का भुगतान न करें। यदि किसी को इस प्रकार का संदिग्ध विज्ञापन प्राप्त होता है तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 अथवा संबंधित अधिकारियों को दें।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 July 2026 8:46 PM IST

Tags

Next Story