भोपाल रेलवे की सतर्कता से घर से भागी किशोरी सुरक्षित परिजनों तक पहुंची
भोपाल, 2 जुलाई (आईएएनएस)। पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल के चेकिंग स्टाफ की सतर्कता से घर से भाग किशोरी अपने परिजनों तक पहुंच गई है। यह किशोरी घर से विवाद होने के बाद भागी थी।
आधिकारिक तौर पर रेलवे की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया है कि गाड़ी संख्या 18235 भोपाल–बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में भोपाल से बीना के मध्य ड्यूटी के दौरान टीटीई विजय श्रीवास ने स्लीपर के एस-दो कोच में एक 14 वर्षीय बालिका को अकेले यात्रा करते हुए देखा। संदेह होने पर उन्होंने बालिका से पूछताछ की।
बातचीत के दौरान बालिका ने बताया कि घर में हुए विवाद के कारण वह घर छोड़कर चली आई है। टीटीई ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल रेलवे कंट्रोल को सूचना दी। कंट्रोल के निर्देशानुसार बालिका को विदिशा रेलवे स्टेशन पर आवश्यक मेमो के साथ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) विदिशा को सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया, फिर उसके परिजनों से संपर्क स्थापित कर सुरक्षित सुपुर्द किया गया।
सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने टीटीई विजय श्रीवास की सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता एवं मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि रेल कर्मचारी सुरक्षित एवं सुगम रेल संचालन के साथ-साथ यात्रियों, विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के प्रति भी पूरी तरह सजग रहते हैं। उनकी समय पर की गई कार्रवाई से एक नाबालिग बालिका की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 July 2026 7:40 PM IST












