ऑपरेशन अमिस्ताद वेनेजुएला में भारतीय सेना का मानवीय मिशन, अब तक 800 लोगों का इलाज
नई दिल्ली, 2 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय सेना के डॉक्टर और चिकित्सा कर्मी हजारों किलोमीटर दूर, भूकंप से प्रभावित वेनेजुएला में मानवता की सेवा में जुटे हुए हैं। यहां भारत द्वारा ऑपरेशन अमिस्ताद के तहत 60 पैरा फील्ड हॉस्पिटल की टीम भेजी गई है।
सेना की यह टीम यहां लगातार राहत कार्यों में लगी है और अब तक 815 मरीजों के आवश्यक उपचार मुहैया करा चुकी है। भूकंप के बाद वेनेजुएला के कई इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं ठप पड़ गई थीं। ऐसे समय में भारतीय सेना का फील्ड हॉस्पिटल प्रभावित लोगों के लिए उम्मीद की सबसे बड़ी किरण बनकर उभरा है।
सेना की मेडिकल टीम ने न केवल घायलों का इलाज किया, बल्कि गंभीर मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर उनकी जान बचाने का भी काम किया। वर्तमान में 20 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं और उनका उपचार जारी है। दिलचस्प बात यह है कि भारतीय डॉक्टर सिर्फ आपातकालीन इलाज ही नहीं कर रहे, बल्कि हर तरह की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं। अब तक 233 लोगों का दांतों का इलाज, 1836 लैब जांचें और 253 एक्स-रे किए जा चुके हैं।
सबसे बड़ी बात यह है कि टीम ने करीब 65 सर्जरी भी सफलतापूर्वक पूरी की हैं। इनमें कई ऐसे मरीज शामिल हैं, जिन्हें तत्काल ऑपरेशन की जरूरत थी। भारतीय डॉक्टरों की तत्परता ने ऐसे कई लोगों को नया जीवन दिया है। गौरतलब है कि भूकंप के बाद भारत ने मित्र देश की सहायता के लिए बिना देर किए अपनी सैन्य चिकित्सा टीम भेजी थी।
भारतीय सेना स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर प्रभावित क्षेत्रों में लोगों तक चिकित्सा सहायता पहुंचा रही है। हजारों किलोमीटर दूर, एक विदेशी धरती पर भारतीय सैनिक बंदूक नहीं, बल्कि स्टेथोस्कोप, दवाइयां और सेवा का जज्बा लेकर लोगों की जिंदगी बचा रहे हैं। यही कारण है कि वेनेजुएला के लोग भारतीय सेना को सिर्फ डॉक्टर नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में अपने सच्चे मित्र के रूप में देख रहे हैं। वहीं, ऑपरेशन अमिस्ताद एक बार फिर साबित कर रहा है कि भारत आपदा के समय मदद का हाथ बढ़ाता है व मानवता की रक्षा के लिए सबसे आगे खड़ा रहता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 July 2026 8:01 PM IST












