भूकंप: हिंगोली जिले में झटके हुए महसूस - किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं, अफवाहों से बचने की अपील

हिंगोली जिले में झटके हुए महसूस - किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं, अफवाहों से बचने की अपील
कुछ गांवों में गुरुवार को भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए

Hingoli News. जिले के बसमत, औंधा नागनाथ और कलमनुरी तहसील के कुछ गांवों में गुरुवार को भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है।

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, पहला भूकंप रात 1:20 बजे 3.6 तीव्रता का दर्ज किया गया, जबकि दूसरा झटका सुबह 10:14 बजे 3.5 तीव्रता का रहा। दोनों झटके हल्के होने के कारण किसी बड़े नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।

घटना के बाद जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों और आपदा प्रबंधन एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की गई है।

प्रशासन ने लोगों से भूकंप से पहले, दौरान और बाद में सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है। नागरिकों को घरों का भूकंपरोधी निर्माण कराने, भारी सामान को सुरक्षित तरीके से रखने, आपातकालीन सामग्री तैयार रखने तथा परिवार के लिए आपातकालीन संपर्क और निकासी योजना बनाने की सलाह दी गई है।

भूकंप के दौरान शांत रहने, मजबूत मेज या बिस्तर के नीचे आश्रय लेने, खिड़कियों, कांच और भारी वस्तुओं से दूर रहने तथा लिफ्ट का उपयोग नहीं करने की सलाह दी गई है। झटके पूरी तरह थमने के बाद ही सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा गया है। यदि कोई व्यक्ति खुले स्थान पर हो तो उसे इमारतों, पेड़ों, बिजली के खंभों और विद्युत तारों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने यह भी कहा है कि भूकंप के बाद क्षतिग्रस्त इमारतों में प्रवेश न करें, संभावित आफ्टरशॉक्स के प्रति सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें। जिला प्रशासन ने नागरिकों से शांत रहने, आधिकारिक निर्देशों का पालन करने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करने की अपील की है।

Created On :   2 July 2026 8:13 PM IST

Tags

Next Story