संकट: डीजल की किल्लत से किसान परेशान, खरीफ सीजन से पहले पेट्रोल पंपों पर लगी लंबी कतारें

डीजल की किल्लत से किसान परेशान, खरीफ सीजन से पहले पेट्रोल पंपों पर लगी लंबी कतारें
  • बसमत तहसील में डीजल संकट गहराने लगा
  • किसानों को डीजल के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है
  • डीजल की कमी किसानों के लिए गंभीर संकट बन गई है

Hingoli News. खरीफ सीजन की शुरुआत से पहले जिले की बसमत तहसील में डीजल संकट गहराने लगा है। खेती की तैयारियों में जुटे किसानों को डीजल के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग रही हैं और किसानों के ट्रैक्टरों के पहिए थमने की नौबत आ गई है। बसमत शहर स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर मंगलवार को बड़ी संख्या में किसान डीजल लेने पहुंचे। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच किसान घंटों तक कतारों में खड़े दिखाई दिए। ग्रामीण क्षेत्रों से आए किसानों का कहना है कि खेती के लिए डीजल अत्यंत आवश्यक है, लेकिन पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने से उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

खरीफ की तैयारियों पर असर

मानसून पूर्व खेतों की जुताई और मशागत का कार्य इन दिनों तेज़ी से चल रहा है। ऐसे समय में डीजल की कमी किसानों के लिए गंभीर संकट बन गई है। ट्रैक्टरों के संचालन में बाधा आने से खेत तैयार करने का काम प्रभावित हो रहा है।

किसानों का कहना है कि यदि समय पर डीजल उपलब्ध नहीं हुआ तो खरीफ फसलों की बुवाई प्रभावित हो सकती है। उन्होंने बताया कि मानसून नजदीक है और बुवाई में देरी होने पर उत्पादन पर सीधा असर पड़ेगा, जिससे पूरे साल की मेहनत और लागत खतरे में पड़ सकती है।

प्रशासन से समाधान की मांग

स्थानीय किसानों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर डीजल की आपूर्ति सुचारु करने की मांग की है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो खेती कार्य पूरी तरह प्रभावित हो सकते हैं। फिलहाल डीजल संकट ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। अब सभी की निगाहें प्रशासन और संबंधित विभागों पर टिकी हैं कि किसानों को राहत देने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Created On :   19 May 2026 9:18 PM IST

Tags

Next Story