भोपाल आरजीपीवी में परीक्षा सुरक्षा पर सवाल, 9 सीलबंद प्रश्नपत्र चोरी होने से एग्जाम रद्द
भोपाल, 4 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) से बीटेक परीक्षा का पर्चा चोरी होने पर परीक्षा को टालना करना पड़ा और परीक्षा नियंत्रक को नोटिस जारी कर दिया गया है। इसके बाद मामला सवालों में आ गया है।
दरअसल, आरजीपीवी की परीक्षा चल रही है, चौथे सेमेस्टर के 9 सील बंद लिफाफे चोरी हो गए। इस बात की जानकारी मिलने पर परीक्षा को कुलगुरु डॉ आलोक शर्मा ने निरस्त कर दिया और परीक्षा नियंत्रक अर्चना तिवारी को नोटिस जारी किया है।
स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी की डायरेक्टर एवं परीक्षा नियंत्रक डॉ अर्चना तिवारी को जारी किए गए नोटिस में कहा गया है कि विश्वविद्यालय पीजी परीक्षाओं के प्रश्न पत्र चोरी अथवा अनाधिकृत रूप से लुप्त हो गए हैं। यह अत्यंत गंभीर और संवेदनशील मामला है।
कुलगुरु द्वारा जारी नोटिस में आगे लिखा गया है कि इस घटना से विश्वविद्यालयीन परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर प्रतिकूल असर पड़ता है, विश्वविद्यालयीन परीक्षाओं की गोपनीयता व सुरक्षा व्यवस्था के लिए परीक्षा नियंत्रक द्वारा निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाता है।तीन दिन में नोटिस का जवाब देने को कहा गया है।
इस घटना को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने सवाल उठाए और कहा है कि मध्य प्रदेश में अब राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की पोस्ट ग्रेजुएट परीक्षाओं के प्रश्न पत्र चोरी नहीं, बल्कि लीक हो गए हैं। जब परीक्षा की गोपनीयता ही सुरक्षित नहीं तो युवाओं का भविष्य कैसे सुरक्षित होगा, बार-बार होने वाली ऐसी घटनाएं बताती हैं कि यह महज लापरवाही नहीं बल्कि व्यवस्था की गंभीर विफलता है। प्रदेश के लाखों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 July 2026 3:09 PM IST












