बिहार अशोक यादव के परिजनों से मिले तेजस्वी यादव, बोले- आरोपी की गिरफ्तारी तक चुप नहीं बैठेंगे

बिहार अशोक यादव के परिजनों से मिले तेजस्वी यादव, बोले- आरोपी की गिरफ्तारी तक चुप नहीं बैठेंगे
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव गुरुवार को मधुबनी जिले के बलिराजगढ़ गांव पहुंचे और एएसआई की गोलीबारी में मारे गए अशोक यादव के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी वहां पहुंचे।

पटना, 5 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव गुरुवार को मधुबनी जिले के बलिराजगढ़ गांव पहुंचे और एएसआई की गोलीबारी में मारे गए अशोक यादव के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी वहां पहुंचे।

तेजस्वी ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक वे चुप नहीं बैठेंगे।

तेजस्वी यादव ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अशोक यादव की हत्या कर दी गई और तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में अपराध लगातार बढ़ रहा है और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सरकार विफल है।

उन्होंने कहा, "जब रक्षक ही भक्षक बन जाए तो क्या हो सकता है। बिहार में कोई ऐसा जिला और गांव नहीं है, जहां हत्या, लूट, अपहरण और बलात्कार नहीं हो रहा हो। अपराध में लगातार बेतहाशा बढ़ोतरी हो रही है।"

तेजस्वी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा कि लोगों को अपनी सुरक्षा खुद करने के लिए कह देना चाहिए, क्योंकि सरकार उनकी जान-माल की रक्षा नहीं कर पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के कार्यकाल में पुलिस का व्यवहार भी आपराधिक प्रवृत्ति का हो गया है।

उन्होंने मधुबनी में रोशन यादव की जेल में हुई हत्या और मुजफ्फरपुर में एक व्यक्ति की पुलिस गोलीबारी में मौत का उल्लेख करते हुए कहा कि इन घटनाओं में पीड़ित परिवारों को अब तक न्याय नहीं मिला है। तेजस्वी ने कहा कि उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों, डीएम और एसपी से बात की है और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।

उन्होंने कहा कि उन्हें सूचना मिली है कि आरोपी नेपाल में छिपा हुआ है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। तेजस्वी ने लोगों से एकजुट होकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ने की अपील की।

इससे पहले, दरभंगा में पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी ने कहा कि मधुबनी में हुई घटना बेहद दुखद है और बिहार में अपराधियों का बोलबाला हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में लगातार हत्या और दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सरकार प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है।

तेजस्वी ने मुख्यमंत्री पर आपराधिक मामलों को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए और राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति सुधारने के लिए कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस से लोग परेशान हैं और अब रक्षक ही भक्षक बन गए हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री के अपराध और क्राइम संबंधी बयान पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि दोनों शब्दों का अर्थ एक ही है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने ऐसे व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाया है, जो अपराध की गंभीरता को समझने में विफल है।

गौरतलब है कि मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र में सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब एक बजे एक महिला के घर में मौजूद एएसआई की गोलीबारी में अशोक यादव की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी एएसआई की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story