बिहार औरंगाबाद में अंतरराज्यीय चेन स्नैचिंग गिरोह का खुलासा, दो गिरफ्तार

बिहार औरंगाबाद में अंतरराज्यीय चेन स्नैचिंग गिरोह का खुलासा, दो गिरफ्तार
बिहार के औरंगाबाद जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय एवं अंतरजिला चेन स्नैचिंग और पैसा छिनतई करने वाले गिरोह का उद्भेदन करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो मास्टर चाभी, एक रिंच, चोरी की मोटरसाइकिल और मोबाइल बरामद किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के जुराबगंज के रहने वाले बताए गए हैं।

औरंगाबाद, 20 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के औरंगाबाद जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय एवं अंतरजिला चेन स्नैचिंग और पैसा छिनतई करने वाले गिरोह का उद्भेदन करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो मास्टर चाभी, एक रिंच, चोरी की मोटरसाइकिल और मोबाइल बरामद किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के जुराबगंज के रहने वाले बताए गए हैं।

औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने रविवार को बताया कि पिछले कुछ समय से शहर में लगातार चेन स्नैचिंग की घटनाएं सामने आ रही थीं। नगर थाना क्षेत्र में चेन छिनतई की सात घटनाओं के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर-1 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। टीम को घटनाओं का उद्भेदन, आरोपियों की गिरफ्तारी और छीनी गई चेन की बरामदगी की जिम्मेदारी दी गई थी।

उन्होंने बताया कि एसआईटी ने घटनास्थलों के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और आसूचना संकलन के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सभी घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह का हाथ है। इसके बाद संदिग्धों की पहचान कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।

पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर को सूचना मिली कि गिरोह के सदस्य दोबारा चेन और पैसा छिनतई की घटना को अंजाम देने के लिए औरंगाबाद पहुंचे हैं। इसके बाद एसआईटी ने कार्रवाई कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नयन्शु उर्फ अभय कुमार और हैरन कुमार के रूप में हुई है। दोनों जुराबगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार के निवासी हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा झारखंड के कई जिलों में भी चेन स्नैचिंग और पैसा छिनतई की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों का संबंध कोढ़ा गिरोह से है और उनके खिलाफ विभिन्न जिलों में करीब 70 मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ औरंगाबाद नगर थाना में चेन स्नैचिंग के सात मामले दर्ज हैं।

इसके अलावा, रोहतास जिले के नासरीगंज, कोचस, आयरकोठा, सासाराम नगर और बिक्रमगंज थाना क्षेत्रों में भी इनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। मुंगेर, मुजफ्फरपुर और वैशाली जिलों के अलावा झारखंड के थानों में भी इनके खिलाफ पूर्व से मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि कुछ मामलों में आरोपी पूर्व में जेल भी जा चुके हैं।

एसपी ने बताया कि इस गिरोह के कुछ अन्य सदस्यों की भी पहचान की गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी और तलाश कर रही है। उन्होंने कहा कि गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी से औरंगाबाद शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

बता दें कि औरंगाबाद पुलिस ने इससे पहले नगर थाना क्षेत्र से छीनी गई चार चेन भी बरामद की थीं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर अन्य घटनाओं और गिरोह के नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   20 Sept 2026 7:43 PM IST

Tags

Next Story