बिहारः बाढ़ की चपेट में शादीपुर गांव, पीड़ितों ने कहा- घरों में भरा पानी, खाने-पीने की भी व्यवस्था नहीं

बिहारः बाढ़ की चपेट में शादीपुर गांव, पीड़ितों ने कहा- घरों में भरा पानी, खाने-पीने की भी व्यवस्था नहीं
बिहार के अरवल जिले में पुनपुन नदी का जलस्तर बढ़ने से तीन ब्लॉक के गावों में पानी घुस गया है। शादीपुर सहित कई गांव पानी तरह से डूब गए हैं, सड़कों पर पानी भरा है, जिसकी वजह से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इतना ही नहीं, बंशी पुलिस स्टेशन के चारों तरफ पानी भरा हुआ है।

अरवल, 4 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के अरवल जिले में पुनपुन नदी का जलस्तर बढ़ने से तीन ब्लॉक के गावों में पानी घुस गया है। शादीपुर सहित कई गांव पानी तरह से डूब गए हैं, सड़कों पर पानी भरा है, जिसकी वजह से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इतना ही नहीं, बंशी पुलिस स्टेशन के चारों तरफ पानी भरा हुआ है।

शादीपुर गांव निवासी विष्णु यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा, "सड़क पर रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। आने-जाने और खाने-पीने की कोई सुविधा नहीं है। घर में पानी भरने के कारण बाहर रहना पड़ रहा है। पानी भरने से कई लोगों के घर गिर गए हैं, लेकिन कोई संज्ञान लेने वाला नहीं है। प्रशासन की ओर से अभी तक कुछ मदद नहीं मिली है।"

शादीपुर के रहने वाले अवधेश कुमार यादव ने कहा, "नदी का जल स्तर बढ़ने से कई लोगों का घर गिर गया है, खाने के लिए लोग मोहताज हैं। यहां चिकित्सा की भी सुविधा नहीं है, तबीयत खराब होने पर घर में परेशान होना पड़ता है। आने-जाने के लिए भी कोई सुविधा नहीं है। विधायक की ओर से भी अभी तक कोई मदद नहीं मिली है। प्रशासन की ओर से भी यहां देखने नहीं आ रहा है। 6-7 दिन से गांव में भरे पानी में खतरों के बीच जीवन जीना पड़ रहा है।"

एक और स्थानीय अखिलेश यादव ने कहा, "घर में पानी घुस गया है, जिसकी वजह से सड़क पर जानवरों के साथ रहना पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से अभी तक कोई मदद नहीं मिली है। अधिकारी गांव के बाहर तक आकर लौट जाते हैं। बाढ़ का पानी घुसे 8 दिन होने के बावजूद अभी तक नाव की व्यवस्था नहीं की गई है।"

गौरतलब है कि बिहार में गंगा, गंडक, पुनपुन और दरधा सहित प्रमुख नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे राज्य भर में नए इलाके जलमग्न हो गए हैं। जल संसाधन विभाग के अनुसार, शुक्रवार रात तक पटना के गांधी घाट और मोकामा के हथीडा में गंगा के अपने उच्चतम बाढ़ स्तर (एचएफएल) को पार करने की आशंका है।

राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने भोजपुर, पटना, सारण, वैशाली, नालंदा, बेगूसराय, लखीसराय और जहानाबाद के नदी तटों और निचले इलाकों में रहने वाले निवासियों के लिए अलर्ट जारी किया है, जिसमें उनसे सतर्क रहने और एहतियाती उपाय करने का आग्रह किया गया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 Sept 2026 2:05 PM IST

Tags

Next Story