बिहार बाढ़ प्रभावित वैशाली-सारण के दौरे पर सीएम सम्राट चौधरी, राहत शिविर में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

बिहार  बाढ़ प्रभावित वैशाली-सारण के दौरे पर सीएम सम्राट चौधरी, राहत शिविर में व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बिहार में बाढ़ की स्थिति के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सोमवार को वैशाली और सारण जिले के दौरे पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने हाजीपुर में राहत शिविर का निरीक्षण कर बाढ़ प्रभावित लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

हाजीपुर, 7 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार में बाढ़ की स्थिति के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सोमवार को वैशाली और सारण जिले के दौरे पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने हाजीपुर में राहत शिविर का निरीक्षण कर बाढ़ प्रभावित लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने पहले हाजीपुर पहुंचे और वे गंगा ब्रिज थाना के निकट पुराने टोल प्लाजा के पास संचालित राहत शिविर का जायजा लिया। उन्होंने सोनपुर सामुदायिक किचेन की स्थिति को भी देखा। उन्होंने शिविर में बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक रसोई का भी जायजा लिया और वहां तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की पड़ताल की।

सीएम सम्राट चौधरी ने राहत शिविर में मौजूद लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने यह भी देखा कि प्रभावित परिवारों को भोजन, रहने और अन्य जरूरी सुविधाएं समय पर मिल रही हैं या नहीं। इसके बाद मुख्यमंत्री ने शिविर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद बच्चों से मुलाकात की और उनसे बातचीत की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से बच्चों और महिलाओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीड़ितों के बीच भोजन भी परोसा और सामुदायिक रसोई में तैयार भोजन का स्वाद चखा। उन्होंने राहत व्यवस्था में किसी तरह की कमी नहीं रहने देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि लगातार पानी घट रहा है। उन्होंने बताया कि गंगा का जलस्तर करीब 17-18 सेंटीमीटर नीचे गया है और प्रशासन के सभी पदाधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि अगले दो-तीन दिनों में स्थिति में और सुधार होगा तथा लोगों को राहत मिलेगी।

बाढ़ से लोगों को हो रही परेशानी के सवाल पर सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि यह स्वाभाविक है, क्योंकि यह एक आपदा की स्थिति है। सरकार लगातार प्रयास कर रही है कि प्रभावित लोगों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री का यह दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब राज्य के कई हिस्सों में नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है और प्रशासन राहत एवं बचाव कार्यों में जुटा हुआ है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 Sept 2026 3:04 PM IST

Tags

Next Story