बिहार बांकीपुर में प्रचार के अंतिम दौर में भाजपा ने झोंकी पूरी ताकत, तेजस्वी की एंट्री पर विजय सिन्हा का तंज
पटना, 27 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम चरण में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी पूरी चुनावी ताकत झोंक दी है। पार्टी ने स्टार प्रचारकों की ताबड़तोड़ सभाओं, रोड शो और जनसंपर्क अभियान के जरिए चुनावी माहौल अपने पक्ष में करने की रणनीति बनाई है।
भाजपा का मानना है कि प्रचार का अंतिम दौर मतदाताओं के रुझान को प्रभावित करने में निर्णायक भूमिका निभाता है, इसलिए संगठन से लेकर सरकार तक के सभी प्रमुख चेहरे लगातार चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय, राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा, भोजपुरी कलाकार मनोज तिवारी, विजय सिन्हा और पवन सिंह सहित पार्टी के सभी प्रमुख स्टार प्रचारक उम्मीदवार नीरज सिन्हा के समर्थन में लगातार सभाएं और जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।
पार्टी विकास कार्यों, केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों तथा बांकीपुर के भविष्य के विकास के एजेंडे को मतदाताओं के बीच प्रमुखता से रख रही है। भाजपा का विशेष फोकस शहरी मतदाताओं, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं पर है। बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय कर कार्यकर्ताओं को घर-घर संपर्क अभियान तेज करने और मतदान के दिन अधिक से अधिक समर्थकों को बूथ तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है। महिला मोर्चा, युवा मोर्चा और अन्य प्रकोष्ठों को भी अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय किया गया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी क्षेत्र में कैम्प कर रहे हैं। उधर, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी सोमवार से चुनाव प्रचार की कमान संभाल ली है। हालांकि, भाजपा इसे लेकर विपक्ष पर निशाना साध रही है।
बिहार सरकार में मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि भाजपा शुरू से ही जनता के बीच है और लगातार जनसंपर्क अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष अब अंतिम समय में सक्रिय हुआ है, लेकिन जनता सब कुछ देख रही है। उनके मुताबिक, "जब चुनाव प्रचार अपने अंतिम दौर में पहुंच गया है, तब तेजस्वी यादव मैदान में उतरे हैं। इससे साफ है कि विपक्ष ने बांकीपुर की जनता को गंभीरता से नहीं लिया। भाजपा का कार्यकर्ता शुरू से ही हर गली, हर बूथ और हर घर तक पहुंचा है और जनता का भरपूर समर्थन पार्टी को मिल रहा है।"
भाजपा के नीरज सिन्हा के प्रचार में एनडीए के सभी घटक दलों ने मोर्चा संभाल लिया है। राजद ने यहां से रेखा गुप्ता को जबकि जन सुराज की ओर से खुद प्रशांत किशोर चुनावी मैदान में हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रचार के अंतिम दौर में तीनों प्रमुख दलों की आक्रामक रणनीति के कारण बांकीपुर का चुनाव पूरी तरह प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है। ऐसे में अंतिम दिनों का चुनाव प्रचार और मतदाताओं से सीधा संपर्क मतदान के रुझान को प्रभावित करने में अहम साबित हो सकता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 July 2026 5:06 PM IST












