- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पांढुर्ना
- /
- 6.14 करोड़ के निजी निवेश से...
पांढुर्ना न्यूज: 6.14 करोड़ के निजी निवेश से पांढुर्ना जिले के 48 सरकारी स्कूलों की बदल रही तस्वीर।

भास्कर न्यूज पांढुर्ना.सरकारी स्कूलों में बुनियादी और आधारभूत सुविधाएं बढ़ाने को लेकर पांढुर्ना जिले में उद्योगों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से अनूठी पहल की गई है। जिला कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ के मार्गदर्शन में पांढुर्ना और सौसर विकासखंड के 48 शासकीय स्कूलों में करीब 6.14 करोड़ रूपए की लागत से मरम्मत व निर्माण कार्य कराए जा रहे है। इस पहल से स्कूलों का स्वरूप बदलने के साथ विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो रहा है।
कलेक्टर की पहल पर जिले के उद्योगपतियों और व्यापारियों की बैठक आयोजित कर उन्हें स्कूलों की आवश्यकताओं से अवगत कराया गया। जिसके बाद जिले के उद्योग समूहों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और सामाजिक संस्थाओं ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए स्कूलों की मरम्मत का जिम्मा लिया। जिसमें स्कूल भवनों की रंगाई-पुताई, छतों की मरम्मत, प्रोफाइल शीट एवं शेड निर्माण, स्लैब रिपेयरिंग, प्लास्टर, फर्श सुधार और आवश्यक निर्माण कार्य किए गए। अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुके है, जबकि शेष कार्य प्रगति पर है।
कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने बताया कि शासन और समाज की साझेदारी से शुरू की गई यह पहल सरकारी स्कूलों के विकास का सफल माॅडल बनकर सामने आई है। उन्होंने कहा कि जिले के उद्योगपतियों और व्यापारियों ने सामाजिक दायित्व निभाते हुए विद्यालयों के विकास में बढ़-चढ़कर सहयोग किया है, जिससे सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदल रही है। यह माॅडल प्रदेश के अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणादायी बन सकता है।
पांढुर्ना विकासखंड में खर्च हुए 3.71 करोड़ रूपएः
कलेक्टर की पहल पर पांढुर्ना विकासखंड में कुल 3.71 करोड़ रूपए की लागत से 24 स्कूलों में कार्य कराए गए। इसमें ड्रायटेक प्रालि ने 10.26 लाख, आरबी सेवा फाउंडेशन ने 6.99 लाख, रायसोनी ग्रुप ने 3.70 लाख, वसुधा मिनरल्स डोलोमाइट माइंस ने 4.82 लाख, रेमंड ने 2.69 लाख, जेएस केम ओरिस डोलोमाइट माइंस ने 1.74 लाख, सुरेश चाचड़ा स्टोन क्रशर ने 1.85 लाख, जय कंस्ट्रक्शन स्टोन क्रशर ने 1.35 लाख, आदित्य, कोल्हे व टेकाड़े स्टोन क्रशर ने संयुक्त 1.28 लाख, त्रिवेदी, डिगरसे व शेल्के स्टोन क्रशर ने संयुक्त 1.27 लाख और गहरा मिनरल्स डोलोमाइट माइंस ने 1.20 लाख रूपए की राशि से विभिन्न स्कूलों में मरम्मत कार्य कराए।
सौसर विकासखंड में 2.43 करोड़ के हुए कार्यः
पहल के अंतर्गत सौसर विकासखंड में 2.43 करोड़ रूपए की लागत से 24 स्कूलों में कार्य हुए है। यहां ग्रेविलिया इंटरप्राईजेस प्रालि सौसर ने सर्वाधिक 16.23 लाख रूपए का योगदान दिया। वहीं लोहिया ग्रीन ने 4.51 लाख, गुलशन पाॅलीओल्स लिमि ने 4.29 लाख, कृष्णापिंक्स एलाॅयज एमएन माइंस ने 3.46 लाख, इंटरपैक लिमि ने 2.26 लाख, आशिक स्टोन क्रशर ने 1.72 लाख, विधान शर्मा डोलोमाइट माइन ने 1.55 लाख, बंसाली इंजी. पाॅलिमर ने 1.29 लाख, मिराज ड्राईमिक्स प्रोडक्ट्स लिमि ने 1.85 लाख, साई व दत्त स्टोन ने संयुक्त एक लाख, मुरलीधर मिनरल्स ने 90 हजार, व्यंकटेश्वर मैंगनीज प्रालि ने 87 हजार और रेमंड ने 62 हजार की राशि से स्कूलों के विकास कार्य कराए।
Created On :   27 July 2026 7:52 PM IST










