- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पांढुर्ना
- /
- बड़चिचोली में तेंदुए का आतंक, खेत के...
पांढुर्ना न्यूज: बड़चिचोली में तेंदुए का आतंक, खेत के कोठे में घुसकर बछड़े का किया शिकार

भास्कर न्यूज पांढुर्ना बड़चिचोली.|ग्राम बड़चिचोली में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। तेंदुए ने गुरूवार की सुबह किसान लक्ष्मण पांढुरंग कामड़ी के खेत के कोठे में बंधे गाय के बछड़े का शिकार कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार किसान लक्ष्मण कामड़ी गुरूवार की सुबह अपने खेत पहुंचे तो कोठे के बाहर बछड़ा लहुलूहान मृत अवस्था में पड़ा मिला। घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही डिप्टी रेंजर गुलाबराव धुर्वे, वनरक्षक मनीष शर्मा एवं विनोद कुमरे मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया। डिप्टी रेंजर गुलाबराव धुर्वे ने बताया कि घटनास्थल पर तेंदुए के पगमार्क मिले है। इससे स्पष्ट होता है कि बछड़े का शिकार तेंदुए ने किया है।
किसान लक्ष्मण कामड़ी ने बताया कि इससे पहले भी उनके खेत के कोठे में बंधे दो कुत्तों का शिकार तेंदुआ कर चुका है। लगातार हो रही घटनाओं के कारण क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। घटना के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने के साथ ही कहीं भी तेंदुए की गतिविधि दिखाई देने की स्थिति में सूचना तत्काल विभाग को देने की अपील की है। वहीं अधिकारियों ने जंगल से लगे क्षेत्रों में रात के समय अनावश्यक आवाजाही से बचने और मवेशियों की सुरक्षा के लिए विशेष सावधानी बरतने की भी सलाह दीं।
Created On :   23 July 2026 7:19 PM IST












