- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पांढुर्ना
- /
- नीट पेपर लीक और जंतर-मंतर पर...
Pandhurna News: नीट पेपर लीक और जंतर-मंतर पर लाठीचार्ज के विरोध में पांढुर्ना में प्रदर्शन
डिजिटल डेस्क,पांढुर्ना। नीट पेपर लीक को लेकर नईदिल्ली के जंतर-मंतर में जारी विरोध प्रदर्शन का असर गुरूवार को पांढुर्ना में देखने को मिला। नीट पेपर लीक मामले और नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में गुरूवार को पांढुर्ना में छात्रों ने प्रदर्शन कर केन्द्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कीं। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की भी पुरजोर मांग उठाई।
प्रदर्शन को लेकर सबसे पहले जिलेभर के छात्रों ने तीनशेर चौक पर डाॅ.बाबासाहेब आंबेडकर प्रतिमा परिसर के पास एकजुट होकर धरना दिया। यहां से रैली निकालकर प्रमुख मार्गों से होते हुए सभी कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचे और कलेक्टर को ज्ञापन सौपकर अपने मांगों से अवगत कराया।
छात्रों ने नीट पेपर लीक की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और जंतर-मंतर पर हुए लाठीचार्ज की न्यायिक जांच कराने की मांग रखीं। छात्रों ने बताया कि नईदिल्ली के जंतर-मंतर में जारी आंदोलन के अंतर्गत बीते 20 जुलाई को छात्रों ने संसद मार्च निकाला, पर संसद तक पहुंचने के पहले ही पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बेरहमी दिखाते हुए लाठीचार्ज किया। जिसमें कई छात्र घायल हुए।
गुरूवार को पांढुर्ना में प्रदर्शन के दौरान बैनर व पोस्टरों के माध्यम से केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे के साथ ही नीट पेपर लीक और प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का विरोध जताया गया।
Created On :   23 July 2026 5:24 PM IST












