- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पांढुर्ना
- /
- विधानसभा में गूंजी पांढुर्ना की दो...
Pandhurna news: विधानसभा में गूंजी पांढुर्ना की दो अहम समस्याएं

डिजिटल न्यूज पांढुर्ना
मध्यप्रदेश विधानसभा के वर्तमान सत्र के प्रश्नकाल में पांढुर्ना विधानसभा क्षेत्र के विधायक नीलेश उईके ने दो प्रमुख जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया है। विधायक श्री उईके ने पांढुर्ना-अमरावती मार्ग की जर्जर स्थिति और आदिवासी बाहुल्य ग्राम पाठई में शासकीय नवीन महाविद्यालय की स्थापना का मुद्दा उठाया।
प्रश्नकाल के दौरान विधायक श्री उईके ने कहा कि पांढुर्ना से अमरावती मार्ग पर वर्धा नदी तक का सड़क मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। लगातार बारिश के कारण सड़क कई स्थानों से उखड़ चुकी है, जिससे वाहन चालकों और आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग के नवीनीकरण एवं चौड़ीकरण कराने की आवश्यकता बताते हुए विधायक ने कहा कि इससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सुगम होगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
इसके साथ ही विधायक श्री उईके ने विधानसभा सदन में पांढुर्ना जिले के आदिवासी बाहुल्य ग्राम पाठई में शासकीय नवीन महाविद्यालय प्रारंभ करने की मांग भी रखीं। विधायक ने कहा कि पाठई और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बड़ी संख्या में आदिवासी एवं पिछड़े वर्ग के विद्यार्थी उच्च शिक्षा के लिए दूरस्थ शहरों पर निर्भर है। स्थानीय स्तर पर महाविद्यालय नहीं होने के कारण कई छात्र-छात्राएं आगे की पढ़ाई बीच में ही छोड़ने को मजबूर हो जाते है। ऐसे में पाठई में महाविद्यालय की स्थापना से हजारों विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा का लाभ मिल सकेगा। विधायक नीलेश उईके ने दोनों जनहित के मुद्दों पर शासन का ध्यान आकर्षित कराया।
Created On :   21 July 2026 4:27 PM IST












