बिहार बांस से लदे कंटेनर के गुप्त तहखाने से 350 कार्टन विदेशी बीयर बरामद, दो गिरफ्तार

बिहार  बांस से लदे कंटेनर के गुप्त तहखाने से 350 कार्टन विदेशी बीयर बरामद, दो गिरफ्तार
बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर तस्करी के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। मुजफ्फरपुर उत्पाद विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बांस से लदे एक कंटेनर में बनाए गए गुप्त तहखाने से 350 से अधिक कार्टन विदेशी कैन बीयर बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 30 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। मामले में कंटेनर के चालक और उपचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मुजफ्फरपुर, 20 जून (आईएएनएस)। बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर तस्करी के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। मुजफ्फरपुर उत्पाद विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बांस से लदे एक कंटेनर में बनाए गए गुप्त तहखाने से 350 से अधिक कार्टन विदेशी कैन बीयर बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 30 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। मामले में कंटेनर के चालक और उपचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

उत्पाद विभाग के थानाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि असम से विदेशी बीयर की एक बड़ी खेप मुजफ्फरपुर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर विशेष टीम का गठन कर बोचहा थाना क्षेत्र से लेकर गायघाट के मैठी टोल प्लाजा तक सघन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान बोचहा थाना क्षेत्र के मझौली चौक के पास एक संदिग्ध कंटेनर को रोका गया।

चालक और सहचालक ने पूछताछ में बताया कि कंटेनर में केवल बांस लदा हुआ है। प्रारंभिक जांच में कंटेनर पूरी तरह बांस से भरा दिखाई दिया, लेकिन अधिकारियों को संदेह होने पर बांस के कुछ हिस्से हटाकर गहन तलाशी ली गई। इस दौरान बांस के पीछे एक गुप्त तहखाना मिला, जिसमें बड़ी मात्रा में विदेशी कैन बीयर छिपाकर रखी गई थी। उत्पाद विभाग के अनुसार बरामद बीयर में किंगफिशर और ट्यूबर ब्रांड की कैन बीयर शामिल है। फिलहाल कार्टनों की अंतिम गणना की जा रही है, लेकिन संख्या 350 से अधिक होने की संभावना है।

कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार चालक अमित कुमार और सहचालक निक्की कुमार, दोनों करजा थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि कंटेनर असम से लाया गया था और शराब की खेप मुजफ्फरपुर में किसी स्थान पर उतारी जानी थी। हालांकि उन्हें डिलीवरी स्थल और मुख्य कारोबारी की जानकारी नहीं है।

थानाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने कहा कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब की तस्करी के पीछे सक्रिय स्थानीय नेटवर्क और माफियाओं की पहचान की जा रही है। पूरे मामले की जांच जारी है तथा जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मद्य निषेध कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उत्पाद विभाग लगातार अभियान चला रहा है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

--आईएएनएस

एमएनपी/पीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   20 Jun 2026 3:42 PM IST

Tags

Next Story