बिहार भोजपुर में खड़े कंटेनर से टकराई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, तीन की मौत

बिहार भोजपुर में खड़े कंटेनर से टकराई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, तीन की मौत
बिहार के भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। हादसा बिहिया चौरस्ता फोरलेन सड़क पर अमराई नवादा के राही होटल के समीप उस समय हुआ, जब बक्सर से आरा की ओर आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर (कंटेनर) से पीछे से जा टकराई।

आरा, 5 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। हादसा बिहिया चौरस्ता फोरलेन सड़क पर अमराई नवादा के राही होटल के समीप उस समय हुआ, जब बक्सर से आरा की ओर आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर (कंटेनर) से पीछे से जा टकराई।

बताया गया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मृतकों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं और एक ही परिवार के हैं। सभी झारखंड के देवघर जिले के निवासी थे। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में सवार लोग हिमाचल प्रदेश के मनाली से घूमकर नोएडा के रास्ते अपने घर देवघर लौट रहे थे।

इसी दौरान बिहिया के पास तेज रफ्तार के कारण वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और स्कॉर्पियो सीधे खड़े कंटेनर से जा भिड़ी। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को पहले बिहिया के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।

सूचना मिलते ही बिहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर फोरलेन पर यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होकर कंटेनर से टकराना प्रतीत हो रहा है। हालांकि, दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके आरा पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   5 July 2026 11:21 AM IST

Tags

Next Story