महिला टी20 विश्व कप ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खिताबी जंग, जानें कैसा रहेगा पिच और मौसम का हाल

महिला टी20 विश्व कप ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खिताबी जंग, जानें कैसा रहेगा पिच और मौसम का हाल
महिला टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार को लंदन के लॉर्ड्स मैदान पर इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाएगा। छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने 8वीं दफा फाइनल का टिकट हासिल किया है, तो घरेलू सरजमीं पर खेल रही इंग्लिश टीम पांचवीं बार खिताबी मैच खेलने उतरेगी।

नई दिल्ली, 5 जुलाई (आईएएनएस)। महिला टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार को लंदन के लॉर्ड्स मैदान पर इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाएगा। छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने 8वीं दफा फाइनल का टिकट हासिल किया है, तो घरेलू सरजमीं पर खेल रही इंग्लिश टीम पांचवीं बार खिताबी मैच खेलने उतरेगी।

इंग्लैंड ने अपनी घरेलू सरजमीं पर खेलते हुए आज तक टी20 विश्व कप में एक भी मैच नहीं गंवाया है। इंग्लिश टीम ने घर में खेले सभी 11 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। इस विश्व कप में भी इंग्लैंड का प्रदर्शन लाजवाब रहा है और टीम अजेय रहते हुए फाइनल तक पहुंची है। बल्लेबाजी में इंग्लैंड की ओर से डैनी व्याट लगातार दमदार प्रदर्शन कर रही हैं।

वह 6 पारियों में 73 की औसत से खेलते हुए 294 रन बना चुकी हैं। वहीं, पिछले मुकाबले में कप्तान नेट साइवर-ब्रंट ने भी शानदार पारी खेली थी। गेंदबाजी में सोफी एक्लेस्टोन अपनी दमदार फॉर्म को पूरे टूर्नामेंट में बरकरार रखने में सफल रही हैं और वह खिताबी मुकाबले में इंग्लैंड की ट्रंप कार्ड बन सकती हैं।

दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया ने भी इस टी20 विश्व कप में गजब का प्रदर्शन किया है। कंगारू टीम ने सभी मुकाबले जीतकर आठवीं बार फाइनल का टिकट कटाया है। टीम की सबसे अनुभवी खिलाड़ी एलिसा पेरी जबरदस्त फॉर्म में हैं। वह 6 मुकाबलों में 185 रन बना चुकी हैं। इसके साथ ही बेथ मूनी का बल्ला भी खूब चल रहा है। गेंदबाजी में कप्तान सोफी मोलिनेक्स 6 मुकाबलों में 10 विकेट निकाल चुकी हैं, जबकि जॉर्जिया वेयरहम ने भी 7 विकेट चटकाए हैं।

लॉर्ड्स के मैदान को तेज गेंदबाजों के लिए मददगार माना जाता है। पिच में अच्छा बाउंस और हवाओं की वजह से शुरुआती ओवरों में गेंदबाजों को अच्छी स्विंग मिलती है। हालांकि, इस विश्व कप में बल्लेबाज भी इस ग्राउंड पर काफी रन बटोरने में सफल रही हैं। इस मैदान पर खेले गए 16 टी20 मुकाबलों में से 8 में जीत पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को मिली है, जबकि 7 मैचों में रनों का पीछा करने वाली टीम ने बाजी मारी है। एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, लंदन में मौसम पूरी तरह से साफ बने रहने की उम्मीद है। मैच में बारिश होने की आशंका सिर्फ 5 प्रतिशत है। यानी फैंस को 40 ओवर का रोमांचक फाइनल देखने को मिल सकता है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   5 July 2026 12:02 PM IST

Tags

Next Story