बिहार भाजपा के 30 साल पुराने किले में राजद ने लगाई सेंध, तेजस्वी ने चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

पटना, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी की जीत पर खुशी जताते हुए इसे भाजपा के 30 साल पुराने किले में सेंध करार दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में शिक्षा, रोजगार और विश्वविद्यालयों की बदहाली जैसे मुद्दे प्रमुख हैं। जीतने वाले प्रतिनिधि सदन में शिक्षकों और स्नातकों की समस्याओं को मजबूती से उठाएंगे।
तेजस्वी यादव ने बुधवार को कहा कि कई वर्षों से राजद शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में जीत हासिल नहीं कर पा रहा था। पार्टी का इन क्षेत्रों में कोई सदस्य नहीं था, लेकिन अब भाजपा के तीन दशक पुराने गढ़ में एक सीट पर जीत मिली है। उन्होंने इस जीत के लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं, नेताओं और राजद के पक्ष में मतदान करने वाले लोगों का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ पार्टी आगे भी मजबूती से आवाज उठाती रहेगी। तेजस्वी ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मतगणना और परिणाम घोषित करने में पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिन तीन सीटों पर राजद के प्रत्याशी नहीं जीत रहे थे, उनके परिणाम शाम छह बजे तक घोषित कर दिए गए, जबकि पार्टी के विजयी प्रत्याशी को देर रात तक प्रमाणपत्र नहीं दिया गया।
उन्होंने दावा किया कि परिणामों में देरी और सूचना के आदान-प्रदान की कमी से संदेह पैदा होता है। उन्होंने कहा कि जनता को चुनाव परिणाम जानने का अधिकार है और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होनी चाहिए। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि उनका विरोध संवैधानिक संस्थाओं से नहीं, बल्कि उन लोगों से है जो संस्थाओं में बैठकर भाजपा के लिए काम कर रहे हैं।
तेजस्वी ने बताया कि एक नवंबर को चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया गठबंधन की ओर से मार्च और रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें वह भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग से जुड़े कई खुलासों पर सवाल उठाए गए हैं, लेकिन उनका संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है। उन्होंने स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए।
तेजस्वी ने कहा कि कई स्नातकों के नाम मतदाता सूची में नहीं जुड़ सके। उन्होंने बताया कि कोसी और दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में राजद के प्रत्याशी दूसरे स्थान पर हैं, जबकि कुछ सीटों पर मतगणना जारी है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में पार्टी और मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
