बिहार बंटी यादव के परिजनों से मिले प्रशांत किशोर; न्याय दिलाने का दिलाया भरोसा, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

बिहार  बंटी यादव के परिजनों से मिले प्रशांत किशोर; न्याय दिलाने का दिलाया भरोसा, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
जन सुराज पार्टी के सूत्रधार और बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने गुरुवार को पटना के न्यू करबिगहिया पहुंचकर दिवंगत बंटी कुमार यादव के पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों की गिरफ्तारी और कथित रूप से लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पटना, 16 जुलाई (आईएएनएस)। जन सुराज पार्टी के सूत्रधार और बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने गुरुवार को पटना के न्यू करबिगहिया पहुंचकर दिवंगत बंटी कुमार यादव के पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों की गिरफ्तारी और कथित रूप से लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मीडिया से बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा कि कुछ दिन पहले जब परिवार धरने पर बैठा था, तब पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया था कि दो दिनों के भीतर बंटी यादव को खोज लिया जाएगा। इसी भरोसे पर परिजनों ने अपना धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया था। हालांकि, बाद में बंटी यादव का शव बरामद होने से परिवार को गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की तीन प्रमुख मांगें हैं। पहली, मामले में नामजद सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी कर उन्हें कड़ी सजा दी जाए। दूसरी, कोतवाली और जक्कनपुर थाना क्षेत्र से जुड़े उन पुलिस अधिकारियों और कर्मियों पर कार्रवाई हो, जिनकी भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। तीसरी, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और परिवार के किसी योग्य सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।

प्रशांत किशोर ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद उसके चरित्र पर सवाल उठाना या उसे अवैध गतिविधियों से जोड़ना उचित नहीं है। उनका कहना था कि यदि मृतक किसी अवैध कार्य में शामिल था तो पुलिस को पहले उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए थी। जन सुराज नेता ने राज्य सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर गंभीर चिंतन की आवश्यकता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक जवाबदेही की कमी के कारण अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। गौरतलब है कि करबिगहिया निवासी कारोबारी बंटी यादव का छह जुलाई को कथित रूप से अपहरण कर लिया गया था। बाद में 11 जुलाई को अथमलगोला थाना क्षेत्र से उनका शव बरामद हुआ था। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि जांच अभी जारी है। प्रशांत किशोर ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक उनकी पार्टी आवाज उठाती रहेगी।

--आईएएनएस

एमएनपी/पीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 July 2026 2:59 PM IST

Tags

Next Story