'मेरी जिंदगी पर फिल्म बनी तो कहानी दिलचस्प होगी', शहनाज गिल ने अपनी लव स्टोरी को लेकर कही बड़ी बात
मुंबई, 16 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाबी इंडस्ट्री से लेकर बॉलीवुड तक अपनी खास पहचान बनाने वाली अभिनेत्री शहनाज गिल आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। अपनी मासूमियत, बेबाक अंदाज और मेहनत के दम पर उन्होंने लाखों लोगों के दिलों में जगह बनाई है। रियलिटी शो 'बिग बॉस 13' से घर-घर में लोकप्रिय हुईं शहनाज अब फिल्मों में भी अपनी अलग पहचान बनाने में जुटी हुई हैं। वह अब अपनी आने वाली फिल्म 'इश्कनामा' को लेकर चर्चा में हैं। इस बीच उन्होंने आईएएनएस से बात तरते हुए अपनी जिंदगी, प्रेम कहानी और एक कलाकार के तौर पर जिम्मेदारियों को लेकर खुलकर बात की है।
शहनाज गिल ने कहा कि अगर कभी उनकी जिंदगी पर फिल्म बनाई जाती है तो वह कहानी बेहद दिलचस्प होगी। हालांकि, उन्होंने अभी से अपनी जिंदगी पर बनने वाली फिल्म का नाम बताने से इनकार कर दिया। अभिनेत्री का कहना है कि जब ऐसा मौका आएगा, तब वह खुद अपनी कहानी का टाइटल दुनिया के सामने बताएंगी।
आईएएनएस के साथ बातचीत में शहनाज से पूछा गया कि अगर उनकी जिंदगी की अपनी कोई 'इश्कनामा' यानी प्रेम कहानी हो, तो उसका टाइटल क्या होगा। इस सवाल पर अभिनेत्री ने कहा, "जब मेरी जिंदगी पर फिल्म बनेगी तो मुझे लगता है कि वह बहुत दिलचस्प होगी, और जब ऐसा होगा, तब मैं उसका टाइटल भी बताऊंगी।"
फिल्म में अपने किरदार को लेकर शहनाज गिल ने कहा, ''मुझे लगता है कि जब किसी सच्ची कहानी पर फिल्म बनाई जाती है तो जिम्मेदारी लेना बहुत जरूरी होता है। मैंने अपनी तरफ से इस जिम्मेदारी को पूरी क्षमता के साथ निभाने की कोशिश की है। मुझे विश्वास है कि मेरे किरदार को लोग जरूर पसंद करेंगे।''
फिल्म की बात करें, तो 'इश्कनामा' एक सच्ची प्रेम कहानी से प्रेरित बताई जा रही है, जिसमें निम्मा और नसीमा के रिश्ते को दिखाया गया है। यह एक पीरियड रोमांटिक ड्रामा फिल्म है। इसकी कहानी साल 1981 से 1988 के बीच भारत-पाकिस्तान सीमा के आसपास की पृष्ठभूमि पर आधारित है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 July 2026 2:59 PM IST












