बिहार कार के पेड़ से टकराते ही सड़क पर बिखरीं शराब की बोतलों पर टूट पड़े लोग, बोरे-गमछे और थैले में भरकर ले गए
गोपालगंज, 27 जून (आईएएनएस)। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बीच गोपालगंज जिले में शराब तस्करी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भोरे थाना क्षेत्र में शनिवार की अल सुबह शराब से लदी उत्तर प्रदेश नंबर की एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद कार में सवार चालक और तस्कर फरार हो गए। वहीं, दुर्घटना के बाद सड़क पर बिखरी शराब की बोतलों को लूटने के लिए स्थानीय लोगों में होड़ मच गई।
हादसा भोरे थाना क्षेत्र के वायरलेस मोड़ के समीप भोरे-कटेया मुख्य पथ पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें लदी शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं। हादसे के तुरंत बाद कार में सवार लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए।
इसी बीच आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देने के बजाय सड़क पर बिखरी शराब की बोतलें समेटने लगे। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ लोग बोरा, तो कुछ गमछे और थैलों में शराब की बोतलें भरकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर भी लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग इसे आपदा में अवसर बता रहे हैं।
पुलिस को प्रारंभिक जांच में आशंका है कि कार उत्तर प्रदेश से शराब लेकर गोपालगंज में प्रवेश कर रही थी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहन के नंबर और वायरल वीडियो फुटेज के आधार पर शराब तस्करों तथा शराब की बोतलें लूटने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और उसकी आपूर्ति किस स्थान पर की जानी थी। पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 Jun 2026 1:26 PM IST












