बिहार छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लेने गंगा घाट पहुंचे सीएम, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

बिहार छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लेने गंगा घाट पहुंचे सीएम, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को लोक आस्था के महापर्व छठ-2026 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पटना में गंगा नदी के विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

पटना, 5 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को लोक आस्था के महापर्व छठ-2026 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पटना में गंगा नदी के विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने स्टीमर से नासरीगंज घाट से महावीर घाट तक गंगा किनारे स्थित विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कलेक्ट्रियेट घाट, गांधी घाट, पहलवान घाट, गुलाबी घाट, चौधरी टोला घाट, पथरी घाट, गायघाट और भद्र घाट सहित अन्य घाटों की व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा नदी के जलस्तर और प्रवाह को देखते हुए छठ घाटों के पास मजबूत बैरिकेडिंग कराई जाए। घाटों के पहुंच पथ और गंगा किनारे की सड़कों पर भी बैरिकेडिंग की व्यवस्था हो, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम रहे।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों पर साफ-सफाई और स्वच्छता को लेकर किसी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ पूजा के दौरान माइकिंग के माध्यम से घाटों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं और अन्य जरूरी सूचनाओं की जानकारी श्रद्धालुओं को लगातार दी जाए।

उन्होंने छठ घाटों तक पहुंचने के लिए सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा व्रतियों को अर्घ्य देने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने का निर्देश दिया।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि पटना में गंगा नदी पर कुल 103 घाट हैं। इनमें 91 सुरक्षित घाट, पांच खतरनाक घाट हैं, जबकि सात घाटों पर काम जारी है। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 552 अस्थायी शौचालय, 450 अस्थायी यूरिनल, 400 अस्थायी चेंजिंग रूम, 13 यात्री शेड और 171 वॉच टावर बनाए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि घाटों पर व्यवस्थाओं और सुरक्षा प्रबंधों की निगरानी के लिए 21 सेक्टर गठित किए गए हैं। इनमें पदाधिकारियों और कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। पटना नगर निगम द्वारा 92 घाटों और 103 तालाबों को छठ महापर्व के लिए तैयार किया जा रहा है। इनमें 37 कृत्रिम और 66 स्थायी तालाब शामिल हैं।

निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story