बिहार सीएम सम्राट चौधरी ने 80 अग्निशमन वाहनों को दिखाई हरी झंडी, आधुनिक तकनीक और तेज सर्विस मिलेगी
पटना, 18 मई (आईएएनएस)। बिहार के अग्निशमन दस्ते में सोमवार को 80 हाईटेक गाड़ियां शामिल की गईं। अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार ने यह कदम उठाया है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में आपदा को विपदा बनने से रोकने की बड़ी जिम्मेदारी अग्निशमन दस्ते पर है। इस दौरान अग्निशमन दस्ते ने अपना दमखम भी दिखाया। जवानों ने तत्परता और साहस का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि अग्निशमन सेवा केवल एक सेवा नहीं, बल्कि दूसरों की जान बचाने का महत्वपूर्ण कार्य है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार आधुनिक संसाधनों को जोड़ा जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि आग लगने की सूचना मिलने के पांच से दस मिनट के भीतर दमकल वाहन और अग्निशमन दल मौके पर पहुंच जाएं। इसके लिए आधुनिक तकनीक और तेज गति वाले वाहनों को अग्निशमन सेवा में शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि बिहार में सुशासन स्थापित किया गया है और अब राज्य को समृद्धि के रास्ते पर आगे बढ़ाना है। समृद्धि तभी आएगी, जब उद्योग-धंधे लगेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार में लगातार निवेश आ रहा है। जो लोग बिहार के बाहर हैं, वे धीरे-धीरे वापस लौट रहे हैं। उन्होंने प्रदेश के लोगों से बिहार लौटने की अपील करते हुए कहा कि जब लोग यहां आकर उद्योग-धंधे लगाएंगे, तब बिहार और तेजी से आगे बढ़ेगा।
प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि बिहार सुशासन वाला राज्य है, इसलिए पुलिस को पूरी स्वतंत्रता दी गई है। बिहार में कोई भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में नहीं ले सकता। पुलिस अपना काम कर रही है और आगे भी करती रहेगी।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि बिहार अब हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ेगा और पिछली कमियों को दूर किया जाएगा। पटना के गांधी मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में बिहार अग्निशमन विभाग की ओर से 80 अत्याधुनिक वाहनों का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा एआई तकनीक आधारित कंट्रोल रूम की भी शुरुआत की गई।
सरकार का मानना है कि नई गाड़ियों के शामिल होने से केवल शहरों में ही नहीं, बल्कि ग्रामीण इलाकों में भी अग्निशमन सेवा की प्रतिक्रिया क्षमता बेहतर होगी।
पटना के गांधी मैदान में आयोजित विशेष कार्यक्रम में इन नए दमकल वाहनों का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र यादव समेत कई वरिष्ठ मंत्री, प्रशासनिक अधिकारी और अग्निशमन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 May 2026 2:27 PM IST












