बिहार गोपालगंज में प्रेम प्रसंग के चलते युवक की हत्या, शव गंडक नदी से बरामद
गोपालगंज, 28 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के गोपालगंज से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बीते 14 मार्च की रात दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के बाद दो युवक रहस्यमय तरीके से लापता हो गए थे। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ प्रांजल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास कई जगह खून के निशान मिले, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया। यह पूरी वारदात जादोपुर थाना क्षेत्र के मेहंदिया गांव की बताई जा रही है। इसी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां लापता युवकों में से एक युवक का शव गंडक नदी से बरामद कर लिया गया है।
मृतक की पहचान विकास कुमार के रूप में हुई है। शव जादोपुर थाना क्षेत्र के खाप मकसूदपुर गांव के समीप गंडक नदी से बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज के मॉडल सदर अस्पताल भेज दिया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 15 मार्च 2026 को सूचना प्राप्त हुई थी कि मेहंदिया नहर पुल के नीचे खून के धब्बे पाए गए हैं और आशंका जताई जा रही थी कि तीन लोगों की हत्या कर शव को कहीं छिपा दिया गया है। सूचना मिलते ही एसडीपीओ प्रांजल और जादोपुर थानाध्यक्ष अनिल कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया, जिसने वैज्ञानिक तरीके से सबूत एकत्र किए। परिजनों के आवेदन के आधार पर जादोपुर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। लगातार गहन अनुसंधान और खोजबीन के क्रम में बीते 17 मार्च को पुलिस ने मलाही गंडक नदी से विकास कुमार का शव बरामद किया। शव की पहचान परिजनों द्वारा की गई।
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विकास कुमार का एक महिला से अवैध संबंध था, जिससे महिला के परिजन काफी नाराज थे।
सदर एसडीपीओ प्रांजल ने बताया कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से युवक को बुलाया। 14 मार्च की रात करीब 9:30 बजे उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को ट्रैक्टर में लादकर गंडक नदी में फेंक दिया गया ताकि साक्ष्य मिटाया जा सके। हालांकि पुलिस की सक्रियता से शव को बरामद कर लिया गया और मामले का खुलासा हो गया।
पुलिस का कहना है कि इस कांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में विधि व्यवस्था की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
सदर एसडीपीओ प्रांजल ने बताया कि जादोपुर थाना क्षेत्र से एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने जांच के दौरान अब तक तीन लोगों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ सामने आया है। मृतक का एक महिला से संबंध था, जिसे लेकर महिला के परिजन नाराज थे। इसी कारण साजिश रचकर युवक की हत्या कर दी गई और शव को गंडक नदी में फेंक दिया गया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 March 2026 10:28 PM IST












