बिहार का बापू टावर संग्रहालय दुनिया का सबसे प्रभावशाली गांधी म्यूजियम जावेद अख्तर
पटना, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रसिद्ध गीतकार, कवि और पटकथा लेखक जावेद अख्तर ने मंगलवार को पटना के बापू टावर संग्रहालय का भ्रमण किया। इस अवसर पर उन्होंने संग्रहालय की आधुनिकता और गांधीजी के विचारों के जीवंत प्रदर्शन की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक संग्रहालय विश्व का सबसे प्रभावशाली संग्रहालय है।
बापू टावर संग्रहालय पहुंचने पर संस्थान के निदेशक विनय कुमार ने जावेद अख्तर का स्वागत किया। निदेशक ने उन्हें बापू टावर के निर्माण, इसके उद्देश्यों तथा यहां मौजूद विभिन्न प्रदर्शनों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
संग्रहालय भ्रमण के दौरान जावेद अख्तर ने संग्रहालय की विभिन्न दीर्घाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने रैम्प, ऐतिहासिक चित्रों, म्यूरल्स, ऑडियो-विजुअल प्रस्तुतियों तथा लघु फिल्मों के माध्यम से महात्मा गांधी के जीवन, उनके आदर्शों और भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की स्मृतियों को गहराई से जाना और महसूस किया।
संग्रहालय की भव्यता और तकनीक से प्रभावित होकर बापू टावर की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि “मैं पूरी दुनिया घूम चुका हूं और अनेक प्रसिद्ध म्यूजियम देखे हैं, लेकिन गांधीजी की स्मृतियों और विचारों से जुड़ा ऐसा प्रभावशाली, जीवंत और आधुनिक संग्रहालय कहीं नहीं देखा। बापू टावर वाकई बहुत खास है। यहां आने का मौका मिला, यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है। मुझे गांधीजी के बारे में बहुत कुछ नया सीखने को मिला। मैं फिर से बापू टावर जरूर आऊंगा।”
पटना के गर्दनीबाग में निर्मित बापू टावर में गांधीजी की विरासत को ऑडियो-विजुअल्स, म्यूरल, मूर्तियों एवं लघु फिल्म के माध्यम से सजीव ढंग से दर्शाया गया है। महात्मा गांधी की जीवन यात्रा, सिद्धांतों और बिहार से उनके जुड़ाव को आधुनिक तकनीक के माध्यम से संग्रहालय में जीवंत रूप से प्रदर्शित किया गया है।
बापू टावर न केवल पर्यटकों के लिए आकर्षण का केन्द्र है बल्कि युवाओं और छात्रों के लिए शिक्षा का केंद्र भी है। इस अवसर पर बापू टावर के पदाधिकारियों सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 April 2026 8:57 PM IST












