बंगाल में सीएम ममता बनर्जी को जीतने से भाजपा नहीं रोक पाएगी अखिलेश यादव
लखनऊ, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने दावा किया कि सीएम ममता बनर्जी चुनाव जीतेंगी। भाजपा ममता बनर्जी को जीतने से नहीं रोक पाएगी।
लखनऊ में अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सीएम ममता बनर्जी जरूर चुनाव जीतेंगी। बंगाल की जनता उनकी मदद करेगी। भाजपा चाहे धोखा दे, चाहे साजिश रचे, चाहे कुछ भी कर ले, इन सबके बावजूद बंगाल की जनता भारतीय जनता पार्टी को हरा देगी।
सपा प्रमुख ने दावा किया कि जब तक चुनाव परिणाम नहीं आ जाते हैं, तब तक भाजपा ने महंगाई पर लगाम लगाई है। चुनाव परिणाम के बाद महंगाई बढ़ जाएगी।
उन्होंने कहा कि अभी गैस सिलेंडर की समस्या बनी हुई है और अगर मिल भी रही है तो कम होती है। किसान बर्बाद हो रहा है, युवाओं के लिए रोजगार नहीं है।
सपा प्रमुख ने चुनाव आयोग पर तंज कसते हुए कहा कि आयोग का काम वोट बनाना होता है, न कि वोट काटना।
महिला आरक्षण बिल पर अखिलेश यादव ने कहा कि वे पुराने आंकड़ों के आधार पर महिलाओं को आरक्षण देने जा रहे हैं। प्रस्ताव एक-तिहाई आरक्षण का है, लेकिन इस एक-तिहाई की गणना 2011 की जनगणना के आधार पर की जा रही है। क्या 2011 में भी आबादी उतनी ही थी? तब से तो आबादी बढ़ गई है। आरक्षण आज की जमीनी हकीकत को दर्शाना चाहिए, न कि 2011 के आंकड़ों को। ऐसा लगता है कि भाजपा ने उन पुराने आंकड़ों का इस्तेमाल करके पहले ही यह तय कर लिया है कि किन इलाकों को महिलाओं के लिए आरक्षित करना है, लेकिन इतनी जल्दबाजी क्यों? 2026 की जनगणना का इंतजार करने के बजाय इसे 2011 की जनगणना पर ही क्यों आधारित किया जा रहा है?
उन्होंने भाजपा-सपा के पोस्टर वार पर कहा कि एसीआरपी का डेटा निकालिए, जो हत्याएं हुई हैं, उनकी जानकारी लीजिए और लोगों को बताइए, लोग खुद ही समझ जाएंगे। यूपी में हम देख रहे थे कि लोगों को सरकारी अस्पतालों में इलाज नहीं मिल रहा है। सरकारी अस्पतालों की हालत खराब है, यह हम जानते हैं, लेकिन अब हम सुन रहे हैं कि सरकारी अस्पतालों में किडनी निकाली जा रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 April 2026 9:36 PM IST












