बिहार कांवड़ियों की सेवा में जुटे नित्यानंद राय, बोले- सेवा ही शिव की सच्ची साधना है

बिहार कांवड़ियों की सेवा में जुटे नित्यानंद राय, बोले- सेवा ही शिव की सच्ची साधना है
श्रावणी मेले के पावन अवसर पर कांवरिया पथ स्थित टोना पाथर, कटोरिया (बांका) में बोल बम सेवा समिति द्वारा लगाए गए सेवा शिविर में पहुंचकर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने बाबा बैद्यनाथ के भक्तों की सेवा की।

बांका, 9 अगस्‍त (आईएएनएस)। श्रावणी मेले के पावन अवसर पर कांवरिया पथ स्थित टोना पाथर, कटोरिया (बांका) में बोल बम सेवा समिति द्वारा लगाए गए सेवा शिविर में पहुंचकर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने बाबा बैद्यनाथ के भक्तों की सेवा की।

इस अवसर पर नित्यानंद राय ने शिविर में उपस्थित कांवड़ियों से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। साथ ही, श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया और सेवा कार्य में लगे समिति के कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। साथ ही, उन्होंने दर्जनों कांवड़ियों की सेवा की।

उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला केवल आस्था और भक्ति का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता का भी पर्व है।

कांवड़ भक्तों की सेवा में स्वयं जुटे नित्यानंद राय ने सेवा, समर्पण की मिसाल पेश करते हुए कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले लाखों शिवभक्तों की सेवा करना स्वयं में पुण्य का कार्य है। सेवा भगवान शिव की सच्ची साधना है। कांवड़ियों की सेवा में जिस प्रकार सामाजिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं और स्थानीय लोग दिन-रात जुटे हैं, वह बिहार की सेवा भावना और सनातन संस्कृति की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत करता है।

उन्होंने कहा कि बोल बम सेवा समिति के कार्यकर्ता श्रद्धालुओं की सुविधा और सहायता में निरंतर लगे हुए हैं। गर्मी, बारिश और कठिन यात्रा के बावजूद कांवड़ियों की सेवा में समर्पित कार्यकर्ताओं का योगदान अत्यंत सराहनीय है।

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था के साथ उनकी सुविधा और सुरक्षा भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रशासन के साथ-साथ सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों की सहभागिता से कांवड़ पथ पर सेवा का यह अभियान और अधिक प्रभावी बन रहा है।

उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से प्रार्थना करते हुए कहा कि भगवान भोलेनाथ सभी श्रद्धालुओं के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्य प्रदान करें तथा देश और बिहार को निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाएं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 Aug 2026 7:55 PM IST

Tags

Next Story