बिहार के शेखपुरा में पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण प्रक्रिया 31 मार्च तक पूरी कराने के निर्देश
शेखपुरा, 28 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के शेखपुरा जिले में पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण की प्रक्रिया को तेज करने के लिए जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग की ओर से अहम बैठक आयोजित की गई। समाहरणालय परिसर में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता सहायक निदेशक ने की, जिसमें सभी विकास मित्रों को निर्देश दिया गया कि वे पेंशनधारियों को सूचित कर दो दिनों के भीतर उनका जीवन प्रमाणीकरण सुनिश्चित कराएं।
बैठक में बताया गया कि सामाजिक सुरक्षा कोषांग के तहत संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों वृद्धा, विधवा और दिव्यांगजनों को हर महीने पेंशन राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के जरिए उनके बैंक खातों में भेजी जाती है। इन सभी पेंशनधारियों के लिए साल में कम से कम एक बार जीवन प्रमाणीकरण कराना अनिवार्य है। यदि 31 मार्च तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं होती है, तो पेंशन भुगतान बाधित हो सकता है। इससे परेशानी का भी सामना करना पड़ सकता है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले के सभी पेंशनधारी नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर पर जाकर निशुल्क जीवन प्रमाणीकरण करा सकते हैं। जिन लाभार्थियों का फिंगरप्रिंट काम नहीं करता, उनके लिए आइरिस स्कैन की सुविधा भी उपलब्ध है। वहीं, आधार से जुड़ी किसी तकनीकी समस्या की स्थिति में नजदीकी आधार केंद्र पर जाकर अपडेट कराने की सलाह दी गई है।
जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के अनुसार, शेखपुरा जिले में कुल 81,461 पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण किया जाना है। अब तक 54,673 (करीब 67.23 प्रतिशत) लाभार्थियों का सत्यापन पूरा हो चुका है, जबकि 26,692 (करीब 32.77 प्रतिशत) पेंशनधारियों का प्रमाणीकरण अभी लंबित है।
जिलाधिकारी शेखर आनंद ने सभी पेंशनधारियों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द जीवन प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी कराएं, ताकि उनके खाते में पेंशन राशि समय पर और बिना किसी बाधा के पहुंचती रहे। जिला प्रशासन ने शेष लाभार्थियों से अपील की है कि वे बिना देरी अपने नजदीकी सीएससी केंद्र पर जाकर यह प्रक्रिया पूरी करें ताकि उन्हें पेंशन प्राप्त करने में किसी तरह की परेशानी का सामना ना करना पड़े।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 March 2026 10:07 PM IST












