नवादा रामनवमी पर्व के अवसर पर शोभायात्रा से पहले पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च
नवादा, 28 मार्च (आईएएनएस)। बिहार में रामनवमी पर्व के अवसर पर 29 मार्च को निकाली जाने वाले शोभायात्रा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को जिला पदाधिकारी, नवादा रवि प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के संयुक्त नेतृत्व में समाहरणालय परिसर से फ्लैग मार्च निकाला गया।
यह फ्लैग मार्च समाहरणालय परिसर से प्रारंभ होकर मेन रोड, अंसार नगर होते हुए मस्तानगंज तक गया। तत्पश्चात मस्तानगंज से सद्भावना चौक, शोभिया, गोंदापुर होते हुए बड़ी दरगाह, भगत सिंह चौक, संकटमोचन सहित अन्य संवेदनशील एवं प्रमुख स्थलों से होकर गुजरा। फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आमजनों में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण स्थापित करना तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त संदेश देना था।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि रामनवमी पर्व आपसी भाईचारे, सद्भाव एवं शांति का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस पर्व को आपसी सहयोग एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करें। साथ ही नगर परिषद, नवादा के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें तथा शोभा यात्रा में लगाए गए झंडे एवं पताकाएं जुलूस समाप्ति के 24 घंटे के भीतर हटाना सुनिश्चित करें।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शोभायात्रा मार्ग में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी की सुदृढ़ व्यवस्था की गई है।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही वरीय उपसमाहर्ता-सह-प्रभारी सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग अमरनाथ कुमार द्वारा जानकारी दी गई कि सक्षम एवं राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार के संयुक्त तत्वावधान में राज्य के जरूरतमंद लाभुकों के लिए निशुल्क नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
यह विशेष अभियान दिनांक 23 से 30 मार्च तक राज्य के सभी बुनियाद केंद्रों पर संचालित किया जा रहा है, जिसमें जिले के बुनियाद केंद्र हिसुआ एवं रजौली भी शामिल हैं। शिविर के माध्यम से सभी आयु वर्ग के दृष्टि दोष से ग्रसित लाभुकों की आंखों की स्क्रीनिंग की जा रही है तथा आवश्यकता अनुसार उन्हें निशुल्क चश्मा उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निकटतम बुनियाद केंद्र (हिसुआ एवं रजौली) पर आयोजित इस विशेष शिविर का लाभ उठाएं तथा अपने परिजनों एवं आसपास के जरूरतमंद लोगों को भी इस संबंध में जानकारी देकर अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 March 2026 10:35 PM IST












