बिहार मैथिली ठाकुर ने बांकीपुर में भाजपा की जीत का किया दावा, सोशल मीडिया पर सख्त कानून का समर्थन

बिहार मैथिली ठाकुर ने बांकीपुर में भाजपा की जीत का किया दावा, सोशल मीडिया पर सख्त कानून का समर्थन
भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने सोशल मीडिया पर गुमराह करने वाली पोस्ट और सट्टेबाजी के खिलाफ प्रस्तावित कानून का समर्थन किया। साथ ही, उन्होंने बांकीपुर उपचुनाव, विधानसभा से तेजस्वी यादव की गैर-मौजूदगी और स्कूलों को भगवा रंग में रंगने के मुद्दे पर भी टिप्पणी की।

पटना, 21 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने सोशल मीडिया पर गुमराह करने वाली पोस्ट और सट्टेबाजी के खिलाफ प्रस्तावित कानून का समर्थन किया। साथ ही, उन्होंने बांकीपुर उपचुनाव, विधानसभा से तेजस्वी यादव की गैर-मौजूदगी और स्कूलों को भगवा रंग में रंगने के मुद्दे पर भी टिप्पणी की।

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव पर भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "लोगों ने पहले ही मन बना लिया है। जमीन पर हर जगह भाजपा कार्यकर्ता ही नजर आ रहे थे। मुझे तो पता ही नहीं चला कि दूसरी पार्टियों के उम्मीदवार भी चुनाव लड़ रहे हैं। कल मैं चुनाव प्रचार के लिए दो अलग-अलग मंडलों में गई थी और हर जगह लोग भारतीय जनता पार्टी के समर्थन में नारे लगा रहे थे। जनता में बहुत उत्साह था और भाजपा को पूरा समर्थन भी मिल रहा था।"

गुमराह करने वाली सामग्री पोस्ट करने या सट्टेबाजी को बढ़ावा देने वालों के लिए लाए गए नए बिल पर भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर कहती हैं, "इस बिल के कई अलग-अलग पहलू हैं। हमें सबसे पहले यह मानना ​​होगा कि आज हमारे जीवन पर इंटरनेट का बहुत बड़ा असर है। सिर्फ मशहूर हस्तियां ही नहीं, बल्कि आम लोगों को भी ऐसी स्थितियों का सामना करना पड़ता है, जब फेसबुक और इंस्‍टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर दोस्तों या दूसरों की ओर से आपत्तिजनक टिप्पणियां पोस्ट की जाती हैं, जिससे उनके जीवन में मानसिक तनाव पैदा होता है।"

उन्‍होंने कहा कि इस तरह के कानून आने से बहुत लाभ होगा, लोग अपनी भाषा पर नियंत्रण लाएंगे।

विधानसभा से तेजस्वी यादव की गैर-मौजूदगी पर मैथिली ठाकुर ने कहा कि जितनी जरूरी सत्‍ता पक्ष की बातें हैं, उतनी ही जरूरी विपक्ष के सवाल हैं। विपक्ष की गैर-मौजूदगी से चर्चा पर असर निश्चित तौर पर पड़ता है।

बिहार में स्कूलों को भगवा रंग में रंगने के मुद्दे पर भाजपा विधायक ने कहा कि मैं इसे मेंटेनेंस के तौर पर देख रही थी। कई स्‍कूलों को कलर किया जा रहा है और कई सारे मॉडर्न स्‍कूलों का उद्घाटन भी किया जा रहा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   21 July 2026 9:06 PM IST

Tags

Next Story