बिहार मंत्रिमंडल विस्तार से पहले दिल्ली दौरे पर सीएम सम्राट चौधरी, कई केंद्रीय नेताओं से मिले
नई दिल्ली, 3 मई (आईएएनएस)। बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली पहुंचे हैं, जहां केंद्रीय नेताओं के साथ मुलाकात का सिलसिला जारी है। उन्होंने रविवार को बिहार से आने वाले कई केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात की।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली में रविवार को बिहार एनडीए के नेताओं में शामिल जीतन राम मांझी, ललन सिंह और नित्यानंद राय से मिले। उन्होंने सोशल मीडिया पर मुलाकात की तस्वीरें भी शेयर की हैं।
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय से मिलने के बाद उन्होंने पोस्ट में लिखा, "नई दिल्ली में आत्मीय भेंट और सार्थक मुलाकात हुई। इस दौरान 'विकसित भारत, समृद्ध बिहार' के विजन को लेकर सकारात्मक और परिणामोन्मुखी चर्चा हुई।"
केंद्रीय मंत्री और जदयू नेता ललन सिंह से मुलाकात की तस्वीर शेयर करते हुए सम्राट चौधरी ने 'एक्स' पोस्ट में कहा, "बिहार से जुड़े विभिन्न विकासात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई और राज्य के समग्र विकास को गति देने के लिए सहयोग व समन्वय पर विचार-विमर्श किया गया।"
वहीं, सीएम सम्राट चौधरी ने केंद्रीय मंत्री और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी से मिलने के बाद इसे शिष्टाचार मुलाकात बताया। इससे पहले, सम्राट चौधरी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी मुलाकात की।
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली दौरे पर आए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जल्द केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात कर सकते हैं। सभी बैठकों के पूरा होने के बाद वे रविवार को ही पटना वापस लौटेंगे। माना जा रहा है कि दिल्ली की बैठक के बाद ही नए मंत्रियों के नामों पर अंतिम मुहर लगेगी।
गौरतलब है कि बिहार में नई सरकार के गठन के बाद मंत्रिमंडल विस्तार होना बाकी है। 15 अप्रैल को सम्राट चौधरी ने बिहार के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। वे राज्य में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री हैं। उनके साथ विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव ने उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 May 2026 2:34 PM IST












