डिहाइड्रेशन से बचाव का आसान उपाय 'ओआरएस', शरीर में बनाता है नमक-पानी का संतुलन
नई दिल्ली, 3 मई (आईएएनएस)। गर्मी के मौसम में डिहाइड्रेशन की समस्या आम हो जाती है। खासकर दस्त या उल्टी होने पर शरीर में पानी और नमक की कमी तेजी से बढ़ जाती है, जिससे कमजोरी, चक्कर आना और गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है। ऐसे में हेल्थ एक्सपर्ट ओरल रिहाइड्रेशन साल्ट यानी ओआरएस को सबसे आसान, सस्ता और प्रभावी उपाय बताते हैं।
नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के अनुसार, ओआरएस गर्मियों में खास तौर पर लाभकारी है। यह शरीर में पानी और जरूरी नमक (इलेक्ट्रोलाइट्स) को तेजी से पूरा करता है। यह शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है और कमजोरी से बचाता है। डॉक्टरों का कहना है कि दस्त शुरू होते ही पर्याप्त पानी पीने के साथ ओआरएस का सेवन शुरू कर देना चाहिए। इससे शरीर का पानी-नमक संतुलन बना रहता है और मरीज जल्दी ठीक हो जाता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि ओआरएस दस्त के इलाज में सबसे प्रभावी और सुरक्षित तरीका है। दस्त होने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें और ओआरएस का सेवन शुरू करें। गर्मियों में ज्यादा पसीना आने, ज्यादा धूप में रहने या पेट खराब होने पर भी ओआरएस का इस्तेमाल फायदेमंद रहता है।
अब ये जानना जरूरी है कि शरीर के लिए गर्मियों में खास तौर पर ओआरएस क्यों है जरूरी? दस्त या उल्टी होने पर शरीर से पानी के साथ-साथ सोडियम, पोटैशियम जैसे महत्वपूर्ण तत्व भी निकल जाते हैं। साधारण पानी पीने से केवल प्यास बुझती है, लेकिन खोए गए नमक की भरपाई नहीं होती। ओआरएस ठीक यही काम करता है। यह घर पर भी आसानी से तैयार किया जा सकता है या बाजार में उपलब्ध पैकेट वाले ओआरएस का इस्तेमाल किया जा सकता है।
ओआरएस बनाने के लिए एक लीटर उबले और ठंडे पानी में ओआरएस पाउच मिलाकर अच्छी तरह घोल लें। दस्त या उल्टी के दौरान छोटे-छोटे घूंट लेकर पीते रहें। यह बच्चों, बड़ों और बुजुर्गों सभी के लिए यह सुरक्षित है।
नेशनल हेल्थ मिशन लोगों को जागरूक कर रहा है कि छोटी-छोटी लापरवाही भी डिहाइड्रेशन का रूप ले सकती है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों में यह समस्या गंभीर हो सकती है। इसलिए ओआरएस के समय रहते सेवन करना चाहिए, जिससे शरीर को कई फायदे मिते हैं। ओआरएस शरीर को तेजी से हाइड्रेट करता है। कमजोरी और थकान कम करता है। खास बात है कि यह अस्पताल जाने की जरूरत कम करता है और यह आसान और सस्ता उपाय है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 May 2026 3:25 PM IST












