बिहार में बीपीएससी के छात्रों और बीटीएससी के सफल अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर किया प्रदर्शन
पटना, 10 अगस्त (आईएएनएस)। पटना में सोमवार को बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) के छात्रों और बिहार तकनीकी सेवा आयोग (बीटीएससी) के सफल अभ्यर्थियों ने अपनी-अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। बीपीएससी के छात्र परीक्षा के परिणामों का इंतजार कर रहे हैं, जबकि बीटीएससी अभ्यर्थियों ने जल्द मेरिट लिस्ट की मांग की है।
एक बीटीएससी अभ्यर्थी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "नियुक्तियों में लगातार देरी की जा रही है। लगभग डेढ़ साल हो चुका है, लेकिन इस स्थिति में हम घर बैठने को मजबूर हैं। हमें बार-बार सिर्फ आश्वासन दिया जाता है।"
उन्होंने कहा कि 11 हजार से अधिक पदों पर भर्ती निकली थी, जिसके लिए लगभग 9 हजार अभ्यर्थी पास हुए। अब पोस्ट के लिए देरी की जा रही है। अभी तक मेरिट लिस्ट नहीं जारी की गई है।
एक अन्य अभ्यर्थी ने बताया कि पिछले साल अप्रैल में भर्ती निकाली गई, जिसके लिए सितंबर में परीक्षा हुई थी। 8 दिन के बाद परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया, लेकिन इसके बाद से सारी चीजों में देरी की गई है।
दरअसल, स्टाफ नर्स की 11,389 पदों के लिए पिछले साल अप्रैल में भर्ती निकाली गई थी। करीब 9 हजार उम्मीदवारों का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन हो चुका है, लेकिन अब तक उनकी मेरिट लिस्ट नहीं बनी है। उसी तरह 1,785 ड्रेसर की नियुक्ति होनी है, लेकिन उनकी मेरिट लिस्ट भी जारी नहीं हुई है। इसी के विरोध में अभ्यर्थियों ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया।
उधर, सोमवार को बीपीएससी के छात्र परीक्षा परिणाम जारी किए जाने की मांग को लेकर सड़क पर उतरे। एक युवती ने कहा, "हमारा परिणाम रुका हुआ है। मेमो नंबर पर स्टे लगी है, जबकि रिजल्ट पर नहीं है। इसके बावजूद परिणाम नहीं आया है। हमारे नोडल विभाग ने एक पत्र (नंबर 4618) भेजा है, जिसमें साफ तौर पर कहा गया है कि परीक्षा का रिजल्ट जल्द से जल्द जारी किया जाए। फिर भी, कोई कार्रवाई नहीं हुई है और हम एक साल से इंतजार कर रहे हैं। हमें अपनी ओएमआर शीट सितंबर 2025 में मिली थीं।"
एक अन्य छात्रा ने कहा, "हमें बीपीएससी-एई के नतीजे चाहिए। परीक्षा दिए हुए एक साल हो गया है। हमें दो-तीन महीने बाद अपनी ओएमआर शीट मिली थीं। हमारे मार्क्स अच्छे हैं, इसलिए हमें उम्मीद थी कि नतीजे जल्द ही घोषित कर दिए जाएंगे। लेकिन हम एक साल से इंतजार कर रहे हैं और नतीजे अभी तक घोषित नहीं हुए हैं।"
एक अभ्यर्थी ने कहा, "मैं 2024-2025 बैच का छात्र हूं। परीक्षा दिए हुए डेढ़ साल हो चुके हैं। नोडल विभाग से रिजल्ट जारी करने के लिए कहा गया है, लेकिन अभी तक रिजल्ट जारी नहीं किया गया है। हमने बार-बार रिजल्ट जारी करने की मांग की है, लेकिन अभी तक इसकी घोषणा नहीं हुई है।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 Aug 2026 3:06 PM IST












