बिहार में अवैध गैस रिफिलिंग के बड़े गिरोह का भंडाफोड़, एलपीजी गैस से भरा कंटेनर और 54 गैस सिलेंडर बरामद
मुजफ्फरपुर, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार में एक ओर जहां रसोई गैस के लिए लोग परेशान दिख रहे हैं, वहीं सोमवार की देर रात मुजफ्फरपुर जिले में एलपीजी गैस की अवैध रिफलिंग करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया गया। इस क्रम में गैस से भरा एक कंटेनर भी बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा को गुप्त सूचना मिली थी कि पुलिस ने मोतीपुर थाना क्षेत्र के नरियार के पास एक बड़े अवैध रिफिलिंग का धंधा चल रहा है। इसी सूचना पर पुलिस ने डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। इस टीम में डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी के साथ कांटी और मोतीपुर के थानाध्यक्षों सहित मोतीपुर के सर्किल इंस्पेक्टर को शामिल किया गया।
पुलिस टीम ने नरियार के पास सड़क से कुछ दूरी पर स्थित संदिग्ध ठिकाने पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक बड़े नेटवर्क को पकड़ा, जो सीधे गैस टैंकर से छोटे सिलेंडरों में रिफिलिंग कर रहा था। डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने मंगलवार को बताया कि घटनास्थल से एलपीजी से भरा एक कंटेनर, एक बोलेरो, एक ऑटो (टोटो) और 54 गैस सिलेंडर बरामद किया गया है।
बताया गया कि स्थानीय स्तर पर डिलीवरी के लिए एक ऑटो जब्त किया गया, जिस पर कई सिलेंडर लदे थे। गैस टैंकर से सिलेंडरों में गैस भरने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले विशेष पाइप और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं। इस दौरान पुलिस को देखकर मौजूद अवैध कारोबारी और मजदूर भागने में सफल रहे। पुलिस वाहनों के रजिस्टर्ड नंबर से उनके मालिकों का पता करने में जुटी है।
डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है। मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने दावा किया कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। उन्होंने आशंका जताई कि इस गिरोह के तार नेपाल से जुड़े हो सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अपने क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गैस कटिंग की सूचना तत्काल पुलिस नियंत्रण कक्ष से साझा करें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
--आईएएनएस
एमएनपी/एएस
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 April 2026 12:23 PM IST












