बिहार में पर्यटन को मिलेगा नया विस्तार, इस साल मई तक 3.42 करोड़ से अधिक पर्यटक पहुंचे
पटना, 15 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार बिहार को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक विशिष्ट पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने के लिए बहुआयामी योजनाओं पर तेजी से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पर्यटन अवसंरचना को मजबूत करने, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के समग्र विकास, पर्यटक सुविधाओं के विस्तार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संवाद कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पर्यटन मंत्री ने कहा कि पर्यटन विभाग की योजनाबद्ध और दीर्घकालिक पहलों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। वर्ष 2025 में बिहार में 6 करोड़ 62 लाख 12 हजार 415 पर्यटकों का आगमन दर्ज किया गया, जबकि वर्ष 2026 में मई तक ही 3 करोड़ 42 लाख 34 हजार 761 पर्यटक राज्य का भ्रमण कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह बिहार में पर्यटन के प्रति बढ़ते विश्वास और संभावनाओं का प्रमाण है।
मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य योजना मद से 1,301 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं को स्वीकृति दी गई है। वहीं प्रगति यात्रा-2025 के दौरान पर्यटन स्थलों के विकास से जुड़ी 36 घोषणाओं के तहत 2,710.31 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर प्राथमिकता के आधार पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि पुनौराधाम स्थित मां सीता जन्मस्थली, सोनपुर के बाबा हरिहरनाथ मंदिर, राजगीर, वाल्मीकिनगर, फुलहर, सिंहेश्वर, कुशेश्वरस्थान, पटना हाट और तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब सहित कई प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर पर्यटन अवसंरचना का विकास किया जा रहा है।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री होमस्टे प्रोत्साहन योजना, सिंधु दर्शन तीर्थ यात्रा वित्तीय सहायता योजना तथा मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना को मंजूरी दी गई है। इन योजनाओं से पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला-2026 को लेकर भागलपुर, बांका और मुंगेर सहित संबंधित क्षेत्रों में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए टेंट सिटी, सूचना केंद्र, प्रकाश व्यवस्था, थीम आधारित प्रवेश द्वार, लेजर शो, ड्रोन शो, बैरिकेडिंग, स्वास्थ्य सेवाएं और प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस अवसर पर पर्यटन विभाग की विभागीय पत्रिका 'यायावर' का भी विमोचन किया गया। विभाग के विशेष सचिव सह निदेशक उदयन मिश्रा ने कहा कि बिहार सरकार पर्यटन विकास को स्थानीय रोजगार, सांस्कृतिक संरक्षण और आर्थिक सशक्तीकरण से जोड़ते हुए आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राज्य को सुरक्षित, आधुनिक और विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य बनाने के लिए विभाग समयबद्ध कार्ययोजना के तहत कार्य कर रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 July 2026 5:24 PM IST












