विकास को लेकर ज्ञापन: अमित शाह से मिले सांसद भाऊसाहेब वाकचौरे, शिर्डी से संबंधित विभिन्न योजनाओं को लेकर ज्ञापन सौंपा

अमित शाह से मिले सांसद भाऊसाहेब वाकचौरे, शिर्डी से संबंधित विभिन्न योजनाओं को लेकर ज्ञापन सौंपा
  • शिवसेना (शिंदे) में शामिल हो चुके हैं शिर्डी सांसद भाऊसाहेब वाकचौरे
  • केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की

New Delhi News. शिवसेना (शिंदे) में शामिल हो चुके शिर्डी सांसद भाऊसाहेब वाकचौरे ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान सांसद ने शिर्डी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के सर्वांगीण और सतत विकास के लिए विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों से संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। सांसद वाकचौरे ने ज्ञापन में नागरिक उड्डयन मंत्रालय से शिर्डी हवाई अड्डे का विस्तार कर उसे अंतरराष्ट्रीय दर्जा देने की विशेष मांग की है। उन्होंने बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या के मद्देनजर हवाई अड्डे की क्षमता का विस्तार, अत्याधुनिक यात्री टर्मिनल का निर्माण, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए आवश्यक सीमा शुल्क, इमिग्रेशन तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और देश के प्रमुख महानगरों के साथ-साथ विदेशों के महत्वपूर्ण शहरों के लिए सीधी विमान सेवाएं शुरू करने की मांग भी उठाई है। उन्होंने एयर कार्गो टर्मिनल की स्थापना करने के साथ ही पुणे–नाशिक तथा बेलापुर–नेवासा–शेवगांव–परली रेलवे मार्गों की प्रस्तावित परियोजनाओं को मंजूरी देने की मांग की है।

हरिश्चंद्रगढ़ एवं दायमाबाद की ऐतिहासिक विरासत का संरक्षण, आदिवासी विद्यार्थियों के लिए आवासीय विद्यालय, निळवंडे परियोजना के लिए निधि, विभिन्न रेलवे मार्गों का विस्तार, शिर्डी–पंढरपुर रेल सेवा पुनः शुरू करना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सड़कों के कार्यों को मंजूरी देना, कोपरगांव एवं बेलापुर रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाएं बढ़ाना, शिर्डी में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की स्थापना, श्री साईंबाबा संस्थान के चिकित्सा महाविद्यालय के एमबीबीएस पाठ्यक्रम को मान्यता देना, शिर्डी का स्मार्ट सिटी के रूप में विकास, जलसंपदा परियोजनाओं को गति देना, कालका–साईनगर शिर्डी रेल सेवा प्रतिदिन शुरू करना, दिल्ली–शिर्डी तथा शिर्डी–मुंबई वंदे भारत रेल सेवा शुरू करना, साथ ही धार्मिक पर्यटन, औद्योगिक विकास, कृषि, सिंचाई, रोजगार, कौशल विकास और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार से संबंधित विभिन्न प्रस्ताव ज्ञापन में शामिल किए गए हैं।

Created On :   15 July 2026 5:55 PM IST

Tags

Next Story