रोहित पवार की गैरमौजूदगी: जयंत पाटील ने मानसून सत्र के दौरान 10 में 9 विधायकों के साथ की बैठक, एनडीए के साथ जाने को लेकर हुई चर्चा

जयंत पाटील ने मानसून सत्र के दौरान 10 में 9 विधायकों के साथ की बैठक, एनडीए के साथ जाने को लेकर हुई चर्चा
  • रोहित पवार बैठक में नहीं हुए थे शामिल
  • गैरमौजूदगी बनी चर्चा का विषय

Mumbai News. विधानमंडल के मानसून सत्र के बीच राकांपा (शरद) के वरिष्ठ नेता जयंत पाटील ने अपने गुट के 10 में से 9 विधायकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की खबर है। इस बैठक के बाद राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। खासकर पार्टी के भविष्य और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के साथ संभावित राजनीतिक समीकरणों को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। सूत्रों का कहना है कि बैठक की सबसे बड़ी खास बात यह रही कि पार्टी के विधायक रोहित पवार इसमें शामिल नहीं हुए। उनकी गैरमौजूदगी ने राजनीतिक चर्चाओं को और हवा दे दी।

बैठक में एनडीए के साथ जाने की संभावनाओं पर चर्चा

सूत्रों के मुताबिक यह बैठक मानसून सत्र के आखिरी सप्ताह में हुई। बैठक में मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और पार्टी के भविष्य को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इसी दौरान एनडीए के साथ संभावित राजनीतिक विकल्पों पर भी विचार-विमर्श होने की बात सामने आई है। विधायकों ने एनडीए के साथ जाने के लिए अपनी रजामंदी दे दी है। हालांकि बैठक के बाद पार्टी की ओर से इस विषय पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो सका कि एनडीए के साथ जाने को लेकर कोई ठोस निर्णय लिया गया है या केवल बदलते राजनीतिक हालात के मद्देनजर संभावित विकल्पों पर चर्चा हुई। दरअसल कुछ दिनों पहले ही जयंत पाटील के भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के साथ बैठक की खबर सामने आई थी।

रोहित पवार की गैरमौजूदगी बनी चर्चा का विषय

सूत्रों का दावा है कि बैठक में रोहित पवार शामिल नहीं हुए। रोहित पार्टी के प्रमुख युवा नेताओं में गिने जाते हैं और शरद पवार के करीबी माने जाते हैं। ऐसे में उनकी अनुपस्थिति को लेकर राजनीतिक हलकों में अलग-अलग तरह की चर्चाएं चल रही हैं। महाराष्ट्र में इन दिनों राजनीतिक घटनाक्रम तेजी से बदल रहे हैं। ऐसे समय में जयंत पाटील द्वारा विधायकों की बैठक बुलाना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में महाराष्ट्र की राजनीति में नए समीकरण बन सकते हैं।

Created On :   14 July 2026 8:44 PM IST

Tags

Next Story