Supriya Sule News: एनडीए में शामिल होंगी सुप्रिया सुले? कार्यकारी अध्यक्ष ने खबरों पर ब्रेक लगाते हुए दिया बड़ा बयान

एनडीए में शामिल होंगी सुप्रिया सुले? कार्यकारी अध्यक्ष ने खबरों पर ब्रेक लगाते हुए दिया बड़ा बयान
सुप्रिया सुले ने कहा है कि हमें परिसीमन विधेयक को लेकर कोई भी प्रस्ताव या डील नहीं मिली है। साथ ही उन्होंने एनडीए में शामिल होने को लेकर भी अपना रुख साफ किया है।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने बुधवार को कई सारी अटकलों पर विराम लगा दिया है। दावा किया जा रहा है कि उनकी पार्टी संसद के मानसून सत्र में केंद्र सरकार के प्रस्तावित डिलिमिटेशन बिल का समर्थन करने वाली है या फिर एनडीए में भी शामिल हो सकती है।

क्या बोलीं सुप्रिया सुले?

मुंबई में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुप्रिया सुले का कहना है कि इन खबरों में कोई भी सच्चाई नहीं है। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा है कि उनकी पार्टी को परिसीमन विधेयक को लेकर ना तो कोई प्रस्ताव मिला है और ना ही किसी तरह की कोई डील हुई है। जब विधेयक संसद में पेश होगा, तब पार्टी उसका विस्तार से अध्ययन करेगी। साथ ही लगभग 24 घंटे के अंदर अपना आधिकारिक रुख स्पष्ट करेगी। सुप्रिया सुले का कहना है कि बुधवार सुबह एक अखबार में खबर देखने को मिली है, जिसके बाद कई मीडिया संस्थानों ने ये खबर चलानी शुरू कर दी है। शरद पवार गुट केंद्र सरकार के संवैधानिक संशोधन वाले परिसीमन विधेयक का समर्थन करने की तैयारी में लगा हुआ है।

संजय राउत से की बातचीत

सुप्रिया सुले ने आगे बताया है कि हमारे कार्यकर्ताओं और महा विकास अघाड़ी के सहयोगी दलों के बीच किसी भी तरह का भ्रम ना फैले, इसलिए ही मैंने यहां आने से पहले शरद पवार, जयंत पाटिल, प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे समेत कई अन्य नेताओं से बातचीत की है। उन्होंने इन सभी चर्चाओं पर ये भी कहा है कि हमें एनडीए की तरफ से कोई भी प्रस्ताव नहीं मिला है और हम कहीं भी नहीं जा रहे हैं। हम वहीं हैं, जहां पहले थे और जनता के लिए काम कर रहे हैं।

Created On :   15 July 2026 5:56 PM IST

Tags

Next Story