MP News: राज्य मंत्री लखन पटेल को पशुपालन विभाग से हटाया, मुख्यमंत्री ने अपने पास रखा विभाग

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने देर रात एक बड़ा प्रशासनिक और राजनीतिक फैसला लेते हुए पशुपालन मंत्री लखन पटेल से उनका महत्वपूर्ण विभाग वापस ले लिया है। सरकार द्वारा जारी गजट अधिसूचना के अनुसार अब लखन पटेल के पास केवल आनंद विभाग की जिम्मेदारी रहेगी। पशुपालन जैसा अहम विभाग उनसे वापस लिए जाने के बाद प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। सरकार ने यह फैसला अचानक और बिना किसी सार्वजनिक घोषणा के लिया। हालांकि विभाग परिवर्तन के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं की गई है। सरकार की ओर से भी इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे इस फैसले को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने पटेल से विभाग लेकर फिलहाल अपने पास रख लिया है।
देर रात जारी गजट नोटिफिकेशन के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ गई है। विपक्ष भी इस फैसले पर सरकार को घेरने की तैयारी में है, जबकि सत्ता पक्ष की ओर से फिलहाल कोई विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं आई है।
उधर, मंत्री लखन पटेल का कहना है कि यह मुख्यमंत्री का विशेष अधिकार है कि वे किसे कौन सा विभाग देना चाहते हैं। मुझे इसकी जानकारी नहीं है कि मेरे से यह विभाग क्यों वापस लिया गया है। मंत्री के बयान के बाद सरकार के इस अप्रत्याशित फैसले के पीछे की वास्तविक वजह को लेकर सस्पेंस बरकरार है।अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि सरकार पशुपालन विभाग की जिम्मेदारी किसे सौंपती है और क्या आने वाले दिनों में मंत्रिमंडल में और भी बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
Created On :   15 July 2026 11:41 AM IST









