बिहार मोकामा से विधायक अनंत सिंह ने चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा की
पटना, 16 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह ने सोमवार को अब चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा की है। उन्होंने यह भी कहा कि अब उनके बाल-बच्चे चुनाव लड़ेंगे। दरअसल, अनंत सिंह सोमवार को राज्यसभा चुनाव में अपना मतदान करने जेल से विधानसभा पहुंचे थे।
बाहुबली नेता और विधायक अनंत सिंह वोट डालने के लिए मतदान केंद्र पहुंचे और मतदान करने के बाद वे फिर से जेल लौट गए।
इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने साफ लहजे में कहा कि अब वे आगे कोई चुनाव नहीं लड़ेंगे। अब बच्चे चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अब राजनीति में अगली जिम्मेदारी उनके बड़े बेटे निभाएंगे।
विधायक अनंत सिंह का यह बयान उस समय सामने आया है जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जाने वाले हैं। ऐसे में अनंत सिंह की इस घोषणा के कई मायने निकाले जा रहे हैं। अनंत सिंह पहले भी कह चुके थे कि अगर नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे, तो वे सक्रिय राजनीति से दूरी बना लेंगे।
पत्रकारों ने नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने कहा, "वे जहां जाना चाहेंगे, जाएंगे।"
सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने पर अनंत सिंह ने कहा, "जो होगा अच्छा होगा।"
बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर उन्होंने कहा कि यह सब हमें पता नहीं है। लेकिन जो भी होगा, उसका निर्णय नीतीश कुमार लेंगे।
अदालत द्वारा अनंत सिंह को राज्यसभा चुनाव में वोट डालने की इजाजत दी गई थी। इसके बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अनंत सिंह वोट डालने विधानसभा पहुंचे थे।
राज्यसभा चुनाव में पांचवीं सीट को लेकर गहमागहमी बनी हुई है। आंकड़ों के अनुसार एनडीए के लिए चार सीट पर जीत तय है, लेकिन पांचवीं सीट को लेकर अन्य विधायकों की जरूरत है। इसी तरह महागठबंधन के एक प्रत्याशी के लिए उसे अन्य दलों के विधायकों की जरूरत है। एआईएमआईएम ने महागठबंधन को समर्थन देने की घोषणा की है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 March 2026 1:58 PM IST












