बिहार मोतिहारी में सीएम की बड़ी घोषणाएं, बंद चीनी मिल को शुरू करने पर होगा काम

बिहार मोतिहारी में सीएम की बड़ी घोषणाएं, बंद चीनी मिल को शुरू करने पर होगा काम
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मोतिहारी स्थित गांधी मैदान में आयोजित बापूधाम महोत्सव का दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। इस दौरान उन्‍होंने कई बड़ी घोषणाओं के साथ कि मोतिहारी में संचालित मदर डेयरी से बड़ा मदर डेयरी स्थापित करने तथा बंद चीनी मिल को फिर से शुरू करने की दिशा में काम शुरू करने की बात कही।

मोतिहारी, 1 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मोतिहारी स्थित गांधी मैदान में आयोजित बापूधाम महोत्सव का दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। इस दौरान उन्‍होंने कई बड़ी घोषणाओं के साथ कि मोतिहारी में संचालित मदर डेयरी से बड़ा मदर डेयरी स्थापित करने तथा बंद चीनी मिल को फिर से शुरू करने की दिशा में काम शुरू करने की बात कही।

तीन सितंबर तक चलने वाले इस महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्वी चंपारण जिले के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से करीब 285 करोड़ रुपये की लागत वाली 145 विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का शिलापट्ट के माध्यम से अनावरण, उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।

सीएम ने कहा कि इन परियोजनाओं से मोतिहारी में पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कृषि, मत्स्य पालन, उद्योग, कला-संस्कृति और आधारभूत संरचना को व्यापक गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने चंपारण के किसानों को नील की खेती और अंग्रेजों के अत्याचार से मुक्ति दिलाने के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया था। बापूधाम महोत्सव उसी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

कार्यक्रम को केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत तथा सांसद राधामोहन सिंह ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री का स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं और जिला प्रशासन की ओर से हरितगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।

सीएम ने मोतिहारी के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। बरियारपुर में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया जाएगा और मोतिहारी में तारामंडल का निर्माण शीघ्र शुरू होगा। केंद्रीय विद्यालय को पीपराकोठी से बरियारपुर में स्थानांतरित किया जाएगा। नेहरू स्टेडियम के स्थान पर इंडोर स्टेडियम बनाया जाएगा। मत्स्य समृद्धि कलस्टर एवं फिश प्रोसेसिंग प्लांट के निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू होगी। मोतिहारी में अटल कला भवन और तेतीयारिया प्रखंड के कोठिया में एक्वाकल्चर पार्क बनाया जाएगा।

उन्होंने मोतिहारी में संचालित मदर डेयरी से बड़ा मदर डेयरी स्थापित करने तथा बंद चीनी मिल को फिर से शुरू करने की दिशा में काम शुरू करने की बात कही। मोतिहारी-तुर्कौलिया-गोविंदगंज पथ में रघुनाथपुर पुल से बालगंगा तक सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण, मोतिझील के किनारे सड़क निर्माण तथा पीपराकोठी-राजपुर चौक-भाया कल्याणपुर पथ के चौड़ीकरण की योजनाएं भी बताईं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में पीएचडी करने वाले विद्यार्थियों की संख्या करीब 4,600 है। छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पीएचडी छात्राओं को चार वर्षों तक प्रतिमाह 10 हजार रुपये की छात्रवृत्ति देने का निर्णय लिया गया है। राज्य में 700 मॉडल विद्यालय शुरू किए गए हैं, जहां विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षकों की सुविधा के साथ जेईई और नीट की तैयारी की व्यवस्था भी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बिहार में 46 लाख से अधिक लोगों को पक्का मकान उपलब्ध कराया गया है। सिंचाई के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है और वर्ष 2005 तक करीब 21 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित थी, जो अब बढ़कर करीब 44 लाख हेक्टेयर हो गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 के चुनाव से पहले बिहार में उद्योगों को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   1 Sept 2026 7:26 PM IST

Tags

Next Story