बिहार पटना में गैराज मालिक की हत्या का खुलासा, बिल्डर समेत चार गिरफ्तार, कई हथियार बरामद

बिहार  पटना में गैराज मालिक की हत्या का खुलासा, बिल्डर समेत चार गिरफ्तार, कई हथियार बरामद
बिहार की राजधानी पटना में रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र के भूपतिपुर में गैराज लिक अंजनी यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने बिल्डर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पटना, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना में रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र के भूपतिपुर में गैराज लिक अंजनी यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने बिल्डर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक और बिल्डर के बीच विवाद हत्या की मुख्य वजह थी। आरोप है कि बिल्डर ने पांच लाख रुपए की सुपारी देकर शूटरों से हत्या कराई थी। रविवार को बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में हथियार बरामदगी के दौरान मुख्य शूटर सौरभ कुमार ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया।

नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) शैलजा ने रविवार को बताया कि 26 सितंबर की रात भूपतिपुर में अज्ञात अपराधियों ने गैराज मालिक अंजनी यादव को गोली मार दी थी। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। इस मामले में रामकृष्णानगर थाने में कांड संख्या 1035/2024 दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सदर-2 के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई। एसआईयू, डीआईयू, रामकृष्णानगर थाना और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 24 अक्टूबर को चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, जांच में मृतक का बिल्डर विपिन सिंह से विवाद सामने आया। पुलिस का दावा है कि विपिन सिंह ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में सौरभ कुमार को हत्या के लिए पांच लाख रुपए देने की बात कही। कथित तौर पर शूटर सामर्थ दुबे और दीपांशु कुमार ने घटना को अंजाम दिया था। वारदात में इस्तेमाल हथियारों को बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में छिपाकर रखा गया था।

पुलिस के अनुसार, रविवार को हथियार बरामद करने पहुंची टीम पर सौरभ कुमार ने फायरिंग की। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सौरभ घायल हो गया। उसे पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिल्डर विपिन सिंह (59), सौरभ कुमार (30), सामर्थ दुबे (25) और दीपांशु कुमार (19) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, तीन आरोपियों का पूर्व आपराधिक इतिहास है, जबकि एक के रिकॉर्ड का सत्यापन किया जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने पांच पिस्तौल, 37 जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल और एक औरा कार बरामद की है।

पुलिस ने बताया कि बरामद हथियारों और वाहनों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है, ताकि वारदात में उनकी भूमिका की पुष्टि हो सके। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ जारी है और हत्या की साजिश में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story