विकास: नवी मुंबई क्षेत्र की कई परियोजनाओं का भूमिपूजन, राज्य की अर्थ व्यवस्था को नई रफ्तार देगी तीसरी मुंबई

नवी मुंबई क्षेत्र की कई परियोजनाओं का भूमिपूजन, राज्य की अर्थ व्यवस्था को नई रफ्तार देगी तीसरी मुंबई
  • नैना के नियोजित विकास से 15 लाख रोजगार पैदा करने का लक्ष्य
  • इंडिया ज्वेलरी पार्क में 25 हजार करोड़ का निवेश
  • एक लाख नौकरियों का होगा सृजन

डिजिटल डेस्क, नवी मुंबई. नवी मुंबई और रायगड क्षेत्र में रविवार को विभिन्न विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन और शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के प्रभाव क्षेत्र (नैना) के नियोजित विकास से 15 लाख रोजगार पैदा करने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें पांच लाख रोजगार उच्च वेतन वाले होंगे। इनमें स्थानीय लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने पनवेल तहसील के शिरढोण में यह घोषणा करते हुए कहा कि आधुनिक बुनियादी सुविधाओं और बेहतर कनेक्टिविटी के जरिए ‘तीसरी मुंबई’ राज्य की अर्थ व्यवस्था को नई रफ्तार देगी। वहीं महापे एमआईडीसी इलाके में मुख्यमंत्री ने इंडिया ज्वेलरी पार्क परियोजना का शुभारंभ किया। इस परियोजना में 25 हजार करोड़ का निवेश और एक लाख नौकरियों का सृजन होगा।

नैना क्षेत्र के विकास को गति

मुख्यमंत्री ने नैना क्षेत्र की विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन किया साथ ही एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी मजबूत करने वाले एसबीआर-9, बीआर-4, बीआर-5 और उरण बायपास पुल का लोकार्पण किया। इस दौरान स्थानीय भू-धारकों को प्रॉपर्टी कार्ड भी वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि नैना क्षेत्र का विकास केवल सड़कों और इमारतों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि रोजगार, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं को ध्यान में रखकर प्रबंधन किया जा रहा है। जहां एज्युसिटी, मेडिसिटी, स्पोर्ट्स सिटी, एरोसिटी और नॉलेज सिटी जैसी परियोजनाओं से आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

विकास शुल्क और बेटरमेंट चार्ज शून्य

उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि नैना क्षेत्र के वर्षों से लंबित मुद्दों को सुलझाकर विकास को गति दी जाएगी। भू-धारकों के लिए विकास शुल्क और बेटरमेंट चार्ज शून्य करने का निर्णय लिया गया है, जबकि फ्री-होल्ड से संबंधित प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उप-मुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने कहा कि एयरपोर्ट और नैना क्षेत्र के विकास से उद्योग, व्यापार, सेवा क्षेत्र और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

राज्य को वैश्विक ज्वेलरी हब बनाने की तैयारी

महापे के टीटीसी औद्योगिक क्षेत्र में बनने वाला इंडिया ज्वेलरी पार्क राज्य को रत्न और आभूषण उद्योग का वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में अहम कदम साबित होगा। लगभग 22 एकड़ के भूखंड पर विकसित होनेवाले इस पार्क में 25 हजार करोड़ रुपए के निवेश और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से एक लाख रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को एमआईडीसी में परियोजना का शुभारंभ करते हुए यह बात कही। उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि इंडिया ज्वेलरी पार्क में दो हजार से अधिक उत्पादन इकाइयां स्थापित करने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि देश के कुल रत्न-आभूषण निर्यात में महाराष्ट्र की हिस्सेदारी 50 प्रतिशत से अधिक है।

Created On :  

Tags

Next Story