बड़ा निशाना: राज ठाकरे ने हटाई अदाणी-मोदी पर डॉक्यूमेंट्री की पोस्ट, बोले- बाकी जो आग लगनी थी, वह लग चुकी है

राज ठाकरे ने हटाई अदाणी-मोदी पर डॉक्यूमेंट्री की पोस्ट, बोले- बाकी जो आग लगनी थी, वह लग चुकी है
  • मुंबई पुलिस आयुक्त के अनुरोध का सम्मान करते हुए लिया फैसला
  • एक्स पर 48 लाख से ज्यादा व्यूज का दावा
  • जनवरी के भाषण का भी किया जिक्र

डिजिटल डेस्क, मुंबई. महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उद्योगपति गौतम अदाणी से जुड़ी डॉक्यूमेंट्री की सोशल मीडिया पोस्ट हटाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि मुंबई पुलिस आयुक्त के अनुरोध का सम्मान करते हुए वह यह पोस्ट डिलीट कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि इस मुद्दे पर उनकी लड़ाई जारी रहेगी। राज ठाकरे ने कहा कि डॉक्यूमेंट्री की पोस्ट मैं डिलीट कर रहा हूं। बाकी जो आग लगनी थी, वह लग चुकी है।

राज ठाकरे ने 22 अक्टूबर को सबीर भाटिया की बनाई डॉक्यूमेंट्री अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की थी। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गौतम अदाणी के संबंधों तथा अदाणी समूह को कथित तौर पर मिले सरकारी समर्थन पर सवाल उठाए गए थे। इस पोस्ट के बाद मुंबई पुलिस ने सोशल मीडिया पर डॉक्यूमेंट्री साझा करने वाले कई अकाउंट धारकों को इसे हटाने के लिए नोटिस जारी किए थे।

एक्स पर 48 लाख से ज्यादा व्यूज का दावा

राज ठाकरे ने अपनी नई पोस्ट में बताया कि डॉक्यूमेंट्री को उनके एक्स अकाउंट पर 48 लाख से ज्यादा बार देखा गया। फेसबुक पर भी इसे अच्छी प्रतिक्रिया मिली। उनके मुताबिक, दूसरे लोगों ने भी इसे साझा किया, इसलिए कुल व्यूज की संख्या इससे काफी अधिक हो सकती है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य इस मुद्दे को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना था, जिसमें वह सफल रहे।

जनवरी के भाषण का भी किया जिक्र

राज ठाकरे ने दावा किया कि उन्होंने जनवरी 2026 में मुंबई के शिवतीर्थ में एक प्रस्तुति के जरिए अदाणी समूह के कारोबारी विस्तार और कथित एकाधिकार के मुद्दे को उठाया था। उन्होंने कहा कि उस प्रस्तुति के कुछ हिस्से डॉक्यूमेंट्री में भी इस्तेमाल किए गए थे। उनका जनवरी वाला वीडियो अब भी सोशल मीडिया पर उपलब्ध है और उसे हटाने का उनका कोई इरादा नहीं है।

महाराष्ट्र की जमीन का मुद्दा भी उठाया

राज ठाकरे ने कहा कि उनका विरोध किसी उद्योगपति से व्यक्तिगत दुश्मनी के कारण नहीं है। वह चाहते हैं कि देश के कई उद्योगपति आगे बढ़ें, रोजगार पैदा करें और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत करें। लेकिन किसी एक उद्योगपति को लगातार फायदा पहुंचाने और एकाधिकार बढ़ाने का वह विरोध करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि डॉक्यूमेंट्री हटाने का फैसला पुलिस के प्रति सम्मान के कारण है, न कि अपने मुद्दे से पीछे हटने के कारण।

Created On :  

Tags

Next Story