Maharashtra News: रैपिडो राइडर पर आतंकी कनेक्शन का शक, टेलीग्राम पर भड़काऊ भाषण डालने के आरोप में ATS ने दबोचा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के मुंबई में आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) ने एक 33 साल के व्यक्ति को अरेस्ट किया है। उस पर आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने का शक है। आरोपी की पहचान मोहम्मद हसन अबू सरमद अख्तर के रूप में हुई है। उसे माहिम मेट्रो स्टेशन के पास से पकड़ा गया। ATS के मुताबिक, आरोपी रैपिडो चलाने और इत्र बेचने का काम करता था। जांच एजेंसी का आरोप है कि वह सोशल मीडिया के जरिए लोगों के बीच नफरत फैलाने वाली बातें कर रहा था। उसके मोबाइल फोन से भी कुछ संदिग्ध सामग्री मिलने की बात कही गई है।
यह भी पढ़े -अखिलेश यादव के आरोपों पर दानिश आजाद अंसारी बोले- सपा हताशा की शिकार, 2027 में भी जनता नकारेगी
टेलीग्राम पर भाषण डालने का आरोप
ATS के अनुसार, आरोपी एक टेलीग्राम ग्रुप चलाता था। आरोप है कि उसने 1 जून को इस ग्रुप में जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मसूद अजहर के भड़काऊ भाषण डाले थे। इन भाषणों में बाबरी मस्जिद समेत दूसरे मुद्दों का जिक्र था। जांच एजेंसी का दावा है कि आरोपी पाकिस्तान समर्थित ‘इब्न-ए-कासिम’ नाम के टेलीग्राम चैनल से भी जुड़ा हुआ था। एजेंसी अब उसके मोबाइल और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच कर रही है।
गुजरात में भी पांच संदिग्ध गिरफ्तार
इससे पहले गुजरात ATS ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक कथित आतंकी मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। इनकी पहचान बिलाल आबिदभाई शेरा, मोहम्मद अयूब कदीवाला, मोहम्मद पालनपुरी उर्फ खाली अयूब सुनसारा, शफिया रईस मुख्ती और मोहम्मद हसन करदिया के रूप में हुई थी। इन सभी को गुजरात के पाटन जिले के खडियाल गांव से पकड़ा गया था। अधिकारियों के मुताबिक, जैश-ए-मोहम्मद के आठ कथित सदस्यों की जांच के दौरान इन पांच लोगों के नाम सामने आए थे।
यह भी पढ़े -29 नवंबर को आयोजित होगा ‘डोंबिवलीकर फ्रेंडशिप रन’ का तीसरा संस्करण, थीम टी-शर्ट और मेडल का अनावरण
बम बनाने के सामान की तलाश में ATS
बता दें, सरकारी वकील पी.आर. दंतानी ने अदालत में कहा कि पांचों आरोपियों से पूछताछ करना जरूरी है। उनके मुताबिक, एक आरोपी पर टाइम बम बनाने की कोशिश करने का आरोप है। जांच एजेंसी को अभी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान और प्रतिबंधित संगठन से जुड़ी उर्दू में लिखी सामग्री तलाशनी है। ATS यह पता लगाना चाहती है कि यह सामान कहां से आया, कहां रखा गया था और आरोपियों तक आपत्तिजनक साहित्य कैसे पहुंचा। अदालत ने पांचों आरोपियों को ATS की हिरासत में भेज दिया था।
Created On :  
